मणिपुर में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अध्यक्ष ने मणिपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (MPCC) के लिए अतिरिक्त पदाधिकारियों की नियुक्ति और चुनाव से जुड़ी कई अहम समितियों के गठन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसमें इनर मणिपुर से सांसद और जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) के प्रोफेसर बिमोल अकोइजम को भी जगह दी गई है। कांग्रेस नेता इबोबी सिंह को प्रदेश चुनाव समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
जेएनयू विवाद के बीच कांग्रेस का दांव, बिमोल अकोइजम को चुनावी कमेटियों में मिली जगह। PTI
अकोइजम पर जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) की छात्राओं के यौन शोषण के आरोप लगे हैं। इन आरोपों के चलते उन्हें प्रोफेसर के पद से हटा दिया गया था। इस मामले की जांच दिल्ली पुलिस कर रही है।
अकोइजम पर जेएनयू की 11 छात्राओं ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। उन्हें कांग्रेस ने तीन अहम कमेटियों में शामिल किया है। इस फैसले के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। दिल्ली बीजेपी के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने पार्टी को महिला विरोधी करार दिया है। लिस्ट के मुताबिक, बिमोल अकोइजम को प्रदेश चुनाव समिति में शामिल किया गया है. इसके अलावा उन्हें कैंपेन कमेटी में भी जगह मिली है। वह मेनिफेस्टो कमेटी के सह-अध्यक्ष भी बनाए गए हैं।
लोकश्वर सिंह को चुनाव प्रचार समिति की कमान
कांग्रेस नेता लोकश्वर सिंह को चुनाव प्रचार समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। इस समिति में भी सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजाम को सदस्य की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा, अकोइजाम को घोषणापत्र समिति का सह-अध्यक्ष भी नियुक्त किया गया है।
चुनावी रणनीति तैयार करने में जुटी कांग्रेस
कांग्रेस ने इन समितियों के गठन के जरिए मणिपुर विधानसभा चुनाव के लिए संगठनात्मक और चुनावी तैयारियों को व्यवस्थित करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। चुनाव प्रचार, घोषणापत्र, मीडिया प्रबंधन और चुनावी रणनीति जैसे अहम कामों के लिए अलग-अलग समितियां बनाई गई हैं।
