मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, उग्रवादियों के हमले में 9 लोगों की मौत, 10 घायल

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Jun 14, 2023, 12:40 PM IST

इंफाल ईस्ट जिले के खामेनलोक इलाके में उग्रवादियों और ग्रामीण स्वयंसेवकों के बीच सोमवार को हुई गोलीबारी में नौ लोग घायल हो गए थे।

Manipur Violence: मणिपुर पूर्वी इंफाल के खमेनलोक इलाके में आज सुबह ताजा हिंसा में नौ लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। एसपी इंफाल पूर्व शिवकांत सिंह ने कहा कि इनकी पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया चल रही है। पुलिस ने बताया कि अत्याधुनिक हथियारों से लैस उग्रवादियों ने रात करीब एक बजे इंफाल पूर्वी जिले और कांगपोकी जिले की सीमा से लगे खामेनलोक इलाके में ग्रामीणों को घेर लिया और हमला कर दिया। घायलों को इंफाल के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कुकी उग्रवादियों के साथ मुठभेड़

यह क्षेत्र मेइती-बहुल इंफाल ईस्ट जिले और आदिवासी बहुल कांगपोकपी जिले की सीमाओं से लगा है। इंफाल ईस्ट जिले के खामेनलोक इलाके में उग्रवादियों और ग्रामीण स्वयंसेवकों के बीच सोमवार को हुई गोलीबारी में नौ लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने बताया कि सुरक्षा बलों की बिष्णुपुर जिले के फौगाकचाओ इखाई में कुकी उग्रवादियों के साथ मंगलवार को मुठभेड़ हुई।

कुकी उग्रवादी मेइती इलाकों के पास बंकर बनाने की कोशिश कर रहे थे, तभी सुरक्षा बलों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिससे दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी हुई। इस बीच, इंफाल ईस्ट और इंफाल वेस्ट में जिला प्रशासन ने कर्फ्यू में ढील के समय को कम करते हुए, उसे सुबह पांच बजे से शाम छह बजे की बजाय सुबह पांच से सुबह नौ बजे तक कर दिया है।

End of Feed