Gopal Khemka Murder case : गोपाल खेमका हत्याकांड में पटना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने मुख्य शूटर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल हथियार और सुपारी लेकर हत्या करने के लिए दिए गए पैसे भी बरामद कर लिए हैं। इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। जानताकी के अनुसार, हत्याकांड में उपयोग की गई बाइक और दूसरी चीजें भी बरामद हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पटना सिटी के आलमगंज से शूटर की गिरफ्तारी हुई है। बता दें कि इससे पहले गोपाल खेमका हत्याकांड में पटना पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया था। जानकारी के अनुसार, इस हत्याकांड से जुड़े कई संदिग्ध लोगों को पुलिस ने अलग-अलग जगहों से हिरासत में लिया था। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने किसी अज्ञात जगह पर सभी लोगों से पूछताछ भी की थी।
खेमका हत्याकांड का मुख्य शूटर गिरफ्तार
गोपाल खेमका के बेटे ने मांगी थी पुलिस सुरक्षा
इस बीच व्यवसायी गोपाल खेमका के बेटे गौरव खेमका ने एक पिछली पारिवारिक त्रासदी और अपने जीवन के लिए डर का हवाला देते हुए अपने परिवार के लिए पुलिस सुरक्षा की मांग की थी। एफआईआर में दर्ज अपने बयान में गौरव ने बताया कि उसके भाई गुंजन खेमका की भी 2018 में हत्या कर दी गई थी। उन्होंने लिखा था कि इस घटना के बाद मैं और मेरा परिवार डरा हुआ है। हम सरकार और पुलिस से अनुरोध करते हैं कि हमें सुरक्षा मुहैया कराई जाए और हमारे परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही अपराधियों को गिरफ्तार कर सजा दी जाए। गौरव ने अपने बयान में घटना का जिक्र करते हुए बताया था कि रात करीब साढ़े आठ बजे उसके पिता बांकीपुर क्लब गए थे। रात 11:20 बजे जब वह घर लौटे तो गेट पर पहले से ही इंतजार कर रहे हमलावरों ने उनके सिर में गोली मार दी। उन्होंने बताया कि गोली की आवाज सुनकर और बिल्डिंग के गार्ड द्वारा सतर्क किए जाने के बाद वे और उनकी पत्नी गेट पर पहुंचे। वहां उन्होंने गोपाल खेमका को खून से लथपथ पाया। गौरव ने बताया कि वे उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
