Operation Tiger Maharashtra Shiv Sena: महाराष्ट्र की सियासत से इस वक्त की सबसे सनसनीखेज खबर आ रही है, जिसने महाविकास अघाड़ी (MVA) खेमे में हड़कंप मचा दिया है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सभी 6 मौजूदा सांसदों का एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली मूल शिवसेना में शामिल होना अब लगभग तय हो गया है। राजनीतिक गलियारों में गुपचुप तरीके से चल रहे इस मिशन को 'ऑपरेशन टाइगर' (Operation Tiger) कोडनेम दिया गया था, जिसकी सफलता पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बेहद दिलचस्प और सस्पेंस भरे अंदाज में मुहर लगा दी है।
महाराष्ट्र में 'ऑपरेशन टाइगर' सफल रहा; सीएम फडणवीस ने ली चुटकी...एकनाथ शिंदे बोले- जल्द ब्रेकिंग न्यूज मिलेगी (ANI)
एकनाथ शिंदे का इशारा: 'जल्द मिलेगी ब्रेकिंग न्यूज'
इस महा-उलटफेर और सांसदों के विलय को लेकर जब उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से सवाल पूछा गया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, 'अभी बाजार में जो भी अटकलें और चर्चाएं चल रही हैं, वे सब झूठी हैं। आप लोग बस थोड़ा सा इंतजार करें, आपको बहुत जल्द ही एक बड़ी ब्रेकिंग न्यूज मिलने वाली है।'
शिंदे के इस बयान ने साफ कर दिया कि पर्दे के पीछे की पूरी स्क्रिप्ट लिखी जा चुकी है और सिर्फ औपचारिक एलान होना बाकी है।
सीएम फडणवीस ने ली चुटकी: 'ऑपरेशन सफल रहा, बॉडी स्वस्थ है'
वहीं दूसरी तरफ, इस पूरे राजनीतिक घटनाक्रम के 'मास्टरमाइंड' माने जा रहे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने चिर-परिचित मजाकिया और सधे हुए अंदाज में 'ऑपरेशन टाइगर' पर टिप्पणी की। फडणवीस ने चुटकी लेते हुए कहा, 'ऑपरेशन सफल रहा, और शरीर (बॉडी) पूरी तरह से स्वस्थ है।'
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, फडणवीस का 'बॉडी स्वस्थ है' कहना इस बात का सीधा संकेत है कि उद्धव गुट से टूटने वाले सांसदों की संख्या बिल्कुल सुरक्षित है और कानूनी रूप से (दलबदल कानून से बचने के लिए आवश्यक संख्या बल के साथ) यह विलय बिना किसी अड़चन के पूरा होने जा रहा है।
उद्धव ठाकरे के लिए 'अस्तित्व' का संकट
डीएनए (DNA) की रिपोर्ट के मुताबिक, यह विलय आज ही किसी भी समय आधिकारिक रूप से अमलीजामा पहन सकता है। लोकसभा चुनाव के ठीक बाद अपने सभी सांसदों को एक साथ खो देना उद्धव ठाकरे के लिए सबसे बड़ा रणनीतिक और मानसिक झटका है। इससे पहले उद्धव ठाकरे ने कल ही बयान दिया था कि शिवसेना सिर्फ एक ही हो सकती है।
