Madhya Pradesh Travel Mart 2026: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक देश की अर्थव्यवस्था को 3 ट्रिलियन तक ले जाने का जो लक्ष्य रखा है, टूरिज्म उसका एक बहुत बड़ा पार्ट है। प्रधानमंत्री मोदी के तीन मंत्रों - देखो अपना देश, वोकल फार लोकल और ट्रिपल टी यानी टेक्नोलॉजी, ट्रेड और टूरिज्म ने भारत के पर्यटन को नई दिशा दे दी है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में पर्यटकों की संख्या और संभावनाएं दोनों बढ़ रही है क्योंकि पर्यटन अब सिर्फ घूमने-फिरने और प्रकृति को एक्सप्लोर करने का ही विषय नहीं रहा, यह हमारी कला-संस्कृति के प्रसार, रोज़गार, निवेश और आर्थिक विकास का माध्यम बन चुका है। उन्होंने प्रदेश के नागरिकों से कहा कि यद्यपि पर्यटन के लिए पूरे देश में अनेकानेक स्थल हैं, तथापि जब भी पर्यटन के लिए निकलें, तो सबसे पहले अपने मध्यप्रदेश को ही चुनें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को प्रदेश के पर्यटन विकास, पर्यटकों की संख्या में ऐतिहासिक वृद्धि और टूर ऑपरेटर्स, होटल व्यवसायियों व होमस्टे संचालकों जैसे हितग्राहियों को व्यावसायिक गतिविधियों के लिए एक वैश्विक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में 'मध्य प्रदेश ट्रैवल मार्ट 2026' के सातवें संस्करण का शुभारंभ किया।
'देखो पूरा देश, पर सबसे पहले अपना मध्यप्रदेश'; CM मोहन यादव ने किया 'मध्य प्रदेश ट्रैवल मार्ट 2026' का शुभारंभ
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि टूरिज्मा अब सिर्फ फीलिंग को शेयर करने का ही नहीं, हार्ट की हीलिंग का भी जरिया बन गया है। अब टूरिस्ट ऐसे ट्रैवल डेस्टिनेशन घूमना पसंद करता है जहां सुंदर और शांत वातावरण हो। ट्रैकिंग ओर एडवेंचर के साथ वेलनेस ओर स्पिरिचुअल टूरिज्म भी अब तेजी से ट्रेंड कर रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में 17 सितम्बर 2022 से चीता पुनर्स्थापना के बाद यहां वन पर्यटन बढ़ा है। टेक्नोलॉजी अब पर्यटन का अंग बन चुकी है। हमने 20 चीते लाकर यहां काम शुरू किया था। इनकी संख्या बढ़कर अब 60 हो गई है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में वीरांगना रानी दुर्गावती टाईगर रिजर्व चीतों का तीसरा आश्रय स्थल बन गया है। मध्यप्रदेश में पर्यटन के विकास के लिए तेजी से काम हो रहे हैं, सही कारण है कि हमारा मध्यप्रदेश पर्यटन के मामले में नए-नए रिकार्ड बना रहा है। वर्ष 2025 में प्रदेश में 21 करोड़ से अधिक पर्यटक आए, जो वर्ष 2024 की तुलना में 57 प्रतिशत अधिक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आध्यात्मिक और वन्य जीव पर्यटन अब मध्यप्रदेश की पहचान बन चुका है। प्रकृति प्रेमियों के लिए तो मध्यप्रदेश स्वर्ग है। हमारे 12 नेशनल पार्क और 9 टाइगर रिजर्व जैव विविधता से भरा हुआ खजाना हैं। मुख्यमंत्री ने देश के दूर-दराज से आए अतिथियों, टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल एजेंट्स, पर्यट न जगत के प्रतिनिधियों और निवेशकों का मध्यप्रदेश की धरती पर स्वागत करते हुए कहा कि आप कुछ दिन तो हमारे मध्यप्रदेश में गुजारिए, आप इसे भूल नहीं पाएंगे।,क्योंकि जो भी एक बार यहां आता है, वह हमारा ही हो जाता है। इसलिए एक बार मध्यप्रदेश घूमने का अनुभव जरूर लें।
ट्रैवल मार्ट से वैश्विक पर्यटन बाजार में मजबूत होगी मध्यप्रदेश की पहचान : राज्यमंत्री श्री लोधी
संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में निरंतर नई ऊंचाइयां प्राप्त कर रहा है।मध्यप्रदेश की गौरवशाली सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध परंपराएं और आध्यात्मिक धरोहर देश- दुनिया के पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। यहां के विविध पर्यटन अनुभवों ने हमेशा पर्यटकों का दिल जीता है। वर्ष 2025 में मध्यप्रदेश में 21 करोड़ से अधिक पर्यटकों का आगमन प्रदेश सरकार की पर्यटन क्षेत्र के विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश को देश और दुनिया के प्रमुख पर्यटन गंतव्यों के रूप में स्थापित करने के लिए निरंतर नए नवाचार और प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट पर्यटन क्षेत्र के विभिन्न हितधारकों को एक मंच पर लाने के साथसाथ प्रदेश में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने, नए पर्यटन अवसरों को विकसित करने और मध्यप्रदेश के पर्यटन को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।
एमपी ट्रैवल मार्ट 2026: प्रदेश के आर्थिक और पर्यटन विकास का सशक्त मंच: मुख्य सचिव श्री बर्णवाल
मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल ने कहा कि आज हम “इंटीग्रेट, इनोवेट और इंस्पायर” (एकीकृत करें, नवाचार करें और प्रेरित करें) के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। वर्ष 2025 में हमारे पर्यटन क्षेत्र में अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई है, जिसके तहत प्रदेश में 21 करोड़ से अधिक पर्यटकों का आगमन हुआ, जो पिछले वर्ष की तुलना में 57% अधिक है। ‘हार्ट ऑफ इनक्रेडिबल इंडिया’ की आतिथ्य परंपरा का अनुभव लीजिए, क्योंकि 'मध्य प्रदेश ट्रैवल मार्ट' मध्यप्रदेश को विकास के नए शिखर पर ले जाने की इस यात्रा में साझीदार बनने का एक सशक्त मंच है।
आयोजन से पर्यटकों की संख्या में वृद्धि को मिलेगी और गति : श्री महेंद्र प्रताप सिंह
फिक्की मध्यप्रदेश और आईटो के चेयरमैन श्री महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में पर्यटन का भविष्य ‘एक्सपीरियंस टूरिज्म’ में है, जहां पर्यटक केवल स्थलों को देखें नहीं, बल्कि प्रदेश की संस्कृति, कला, शिल्प, खान-पान और ग्रामीण जीवन को करीब से महसूस करें। पर्यटन अब सिर्फ यात्रा नहीं, बल्कि अनुभवों, कहानियों और नए संबंधों को संजोने का माध्यम बन रहा है। ‘देखो अपना देश, सबसे पहले मध्यप्रदेश’ इसी अनुभव को आगे बढ़ाने की एक सोच है।
कार्यक्रम के दौरान, पर्यटन विभाग के सचिव एवं मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया, वही मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (MPSTDC) के प्रबंध संचालक श्री दिलीप कुमार यादव ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम के दौरान, पर्यटन के सचिव एवं मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. ने स्वागत उद्बोधन में सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। एमपी ट्रैवल मार्ट के उद्देश्यों और कार्यक्रम की रुपरेखा पर प्रकाश डाला मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (MPSTDC) के प्रबंध संचालक श्री दिलीप कुमार यादव ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
छह महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MoUs) का आदान-प्रदान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड और विभिन्न संस्थाओं के बीच छह महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MoUs) का आदान-प्रदान हुआ। इनमें ग्रामीण पर्यटन, साहसिक पर्यटन, मोटरस्पोर्ट्स, फिल्म एवं कंटेंट निर्माण, AI आधारित डिजिटल पर्यटन तथा वन्यजीव पर्यटन जैसे विविध क्षेत्रों में सहयोग शामिल है।
Explurger के साथ AI आधारित डिजिटल पर्यटन एवं पर्यटक अनुभव को सुदृढ़ करने के लिए सहयोग किया गया। इसके तहत AI एजेंट के माध्यम से चयनित गंतव्यों पर बहुभाषी डिजिटल सहायता, पर्यटक मार्गदर्शन एवं स्टोरीटेलिंग उपलब्ध कराने के साथ 100 पर्यटन गंतव्यों पर चरणबद्ध रूप से 1,000 QR बोर्ड स्थापित किए जाएंगे। इस अवसर पर Explurger के निदेशक श्री जितेन भाटिया उपस्थित रहे।
पर्यटन परियोजाओं की स्थापना के लिए लेटर ऑफ अवार्ड (LOA) किए गए प्रदान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव की उपस्थिति में प्रदेश में पर्यटन परियोजाओं की स्थापना के लिए लेटर ऑफ अवार्ड (LOA) प्रदान किए गए। मेसर्स पालिया कंस्ट्रक्शन, ग्वालियर के पार्टनर श्री अनूप शर्मा को ग्राम ओरछा, जिला निवाड़ी में ₹50 करोड़ के प्रस्तावित निवेश से रिसॉर्ट परियोजना स्थापित करने के लिए LOA प्रदान किया गया।
वहीं श्री वीरेंद्र जादौन को लक्ष्मीपुर पैलेस, जिला पन्ना में ₹10 करोड़ के प्रस्तावित निवेश से हेरिटेज होटल परियोजना स्थापित करने के लिए LOA प्रदान किया गया।
एमपी टूरिज्म की बहुभाषी वेबसाइट और डिजिटल 'एमपी ट्रैवल हैंडबुक' का लोकार्पण
वैश्विक पर्यटकों को अधिक सुगमता और आधुनिक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से पर्यटन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट (www.mptourism.com) के बहुभाषी संस्करण का लोकार्पण किया गया, जिसमें अंग्रेजी और हिंदी के अलावा जर्मन, स्पैनिश, फ्रेंच और जापानी भाषाओं को शामिल किया गया है। इसके साथ ही, 'टेलमी डिजीइन्फोटेक' के सहयोग से विकसित 'एमपी ट्रैवल हैंडबुक' (डायनेमिक डिजिटल कॉफी टेबल बुक) का भी शुभारंभ हुआ, जिसमें 360-डिग्री व्यू, AI स्टोरीटेलिंग, VR (वर्चुअल रियलिटी) लिंक्स और ऑडियो नरेशन जैसी अत्याधुनिक डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
