Lucknow Coaching Centre Fire: लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरनिया इलाके में सोमवार को कोचिंग सेंटर में भीषण आग लग गई। इस भीषण घटना में 14 लोगों की मौत हो गई है। इन सभी मृतकों की उम्र 20 से 24 साल के बीच बताई जा रही है। इस घटना पर प्रधानमंत्री कार्यालय ने चिंता जाहिर की। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी बयान में कहा गया कि इस हादसे में लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है और सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
पुरनिया इलाके में सोमवार को कोचिंग सेंटर में भीषण आग लग गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव अभियान जारी है तथा स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियां हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही हैं।
मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि
पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने का भी ऐलान किया। इसके तहत हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। इसके अलावा, हादसे में घायल हुए लोगों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। फिलहाल प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
अग्निकांड पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को राहत-बचाव कार्य के निर्देश दिए। हाल फिलहाल के अपडेट के मुताबिक फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने बगल की इमारत में दिवार में छेद करके वहां से पानी का छिड़काव किया ताकि आग पर काबू पाया जा सके। दूसरे तल पर भी लगभग आग पर काबू पा लिया गया।
लखनऊ के कोचिंग इंस्टिट्यूट में लगी आग की घटना पर उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा, "अभी कुल 13 बच्चों को बाहर निकाला गया है। उन सभी को अस्पताल भेज दिया गया है। यह एक बड़ी घटना है। अंदर धुआं भरा हुआ है। हर चीज को हटाकर और चेक किया जा रहा है, और हर कमरे की तलाशी ली जा रही है, अंदर लकड़ी का बहुत सारा फर्नीचर था, और उस फर्नीचर से निकले धुएं के कारण कुछ भी साफ दिखाई नहीं दे रहा है। फायर ब्रिगेड के लोग अंदर हैं। NDRF की टीमें मौके पर मौजूद हैं। आग अचानक लगी, यह एक एनिमेशन सेंटर था। बच्चे यहां एनिमेशन यानी कार्टून बनाना,सीखने आते थे। मुझे अभी तक इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है कि घटना असल में कैसे शुरू हुई। घायलों को KGMC ट्रॉमा सेंटर भेजा जा रहा है। उनकी उम्र लगभग 16-17 साल थी। घटना की उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रमुख सचिव (गृह) और DGP को मौके पर बुलाया गया है और उन्हें कारणों की जांच करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। मैंने अपनी आंखों से 14 शव देखा है।
राहुल गांधी ने जाहिर की दुख
इस घटना पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दुख प्रकट की। उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा, "लखनऊ के कोचिंग सेंटर में आग लगने के हादसे में कई लोगों की मृत्यु और कई अन्य के घायल होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। सभी शोकाकुल परिवारों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं।"
