LPG Crisis in India: पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव (मार्केटिंग और ऑयल रिफाइनरी) संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि लगभग 7500 उपभोक्ता LPG से PNG पर शिफ्ट हो गए हैं। युद्ध की वजह से स्थिति अभी भी चिंताजनक है, लेकिन हमारे डिस्ट्रीब्यूटरों के पास स्टॉक खत्म होने की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड के जरिए की जा रही है। घबराहट में की जाने वाली बुकिंग में काफी कमी आई है और कल हमें लगभग 55 लाख रिफिल बुकिंग के अनुरोध मिले।
देश में LPG की समस्या, क्या कर रही सरकार? पेट्रोल पर भी बढ़े दाम
उन्होंने कहा कि LPG सिलेंडरों की डिलीवरी सामान्य है। लगभग 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने कमर्शियल LPG के लिए आवंटन आदेश जारी किए हैं और पिछले एक हफ्ते में, उपभोक्ताओं को लगभग 11300 टन कमर्शियल LPG दी गई है, और सभी राज्यों के पास सभी तरह की सप्लाई उपलब्ध है।ट
पेट्रोल पर बढ़े दाम, क्या बोली सरकार?
शर्मा ने कहा कि जिस बढ़ोतरी की आप बात कर रहे हैं, वह सामान्य पेट्रोल की कीमतों में ऐसी कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। यह बढ़ोतरी केवल प्रीमियम श्रेणी में हुई है, और वह भी कुल बिकने वाले पेट्रोल का मुश्किल से 2-4 प्रतिशत ही है।
भारत की रिफाइनरियां क्या कर रहीं?
सुजाता शर्मा ने कहा, 'सभी रिफाइनरियां अपनी अधिकतम क्षमता पर काम कर रही हैं और कच्चे तेल (क्रूड) का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। घरेलू एलपीजी उत्पादन लगभग 40% तक पहुंच चुका है। रिटेल आउटलेट्स पर कहीं भी कमी (ड्राई आउट) की स्थिति नहीं है और पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।' 'प्राकृतिक गैस के संबंध में, हम उपभोक्ताओं से लगातार अपील कर रहे हैं कि जहां संभव हो, वे पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) पर शिफ्ट करें। इस बारे में राज्य सरकारों से भी अनुरोध किया गया है और उन्हें पत्र भेजे गए हैं। 18 तारीख को भेजे गए एक पत्र में अतिरिक्त 10% एलपीजी आवंटन का भी उल्लेख किया गया है।'
उन्होंने कहा, 'यदि राज्य सरकारें सीजीडी (सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन) नेटवर्क के विस्तार में सहयोग करती हैं, तो इससे आपूर्ति और बेहतर हो सकती है। इस संबंध में राजस्थान सरकार से अतिरिक्त एलपीजी आवंटन की मांग भी प्राप्त हुई है, जो फिलहाल विचाराधीन है।'
पिछले 3-4 दिनों में शीर्ष 15 भौगोलिक क्षेत्रों (GA) में 13,700 से अधिक नए कनेक्शन दिए गए हैं और लगभग 7,500 उपभोक्ता एलपीजी से पीएनजी पर शिफ्ट हुए हैं। बताया गया कि कमर्शियल एलपीजी के मामले में, 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने आवंटन आदेश जारी किए हैं। पिछले एक सप्ताह में लगभग 11,300 टन कमर्शियल एलपीजी उपभोक्ताओं को वितरित की गई है।
