जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) के पूर्व सीएम और नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला (Farooq Abdullah) ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि भगवान राम (Lord Ram) सिर्फ हिंदुओं के ही भगवान नहीं हैं, वो सभी धर्मों के हैं। इस दौरान फारूक अब्दुल्ला ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला।
जम्मू में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फारूक अब्दुल्ला
अब्दुल्ला ने जोर देकर कहा कि कोई भी धर्म बुरा नहीं है, उन्होंने कहा कि भगवान राम सभी के लिए हैं, न कि केवल हिंदुओं के लिए। उन्होंने लोगों से धर्म के आधार पर उन्हें बांटने की कोशिशों से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा- "अगर हमें अपने देश को मजबूत बनाना है तो हमें एक साथ खड़ा होना होगा।"
उन्होंने आगे बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा- "जब चुनाव नजदीक होंगे, तो वे आपके पास आएंगे और आपको बताएंगे कि हिंदू खतरे में हैं। भारत में 70 से 80 फीसदी हिंदू आबादी है और क्या आपको लगता है कि वे खतरे में होंगे?"
फारूक अब्दुल्ला ने आगे कहा कि कोई भी धर्म बुरा नहीं होता है, उसे मानने वाले मनुष्य भ्रष्ट होते हैं। फारूक अब्दुल्ला ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा-"नेशनल कांफ्रेंस ने कभी भी पाकिस्तान का पक्ष नहीं लिया और हमेशा भारत के साथ खड़ी रही। हमने कभी पाकिस्तान से हाथ नहीं मिलाया। जिन्ना मेरे पिता से मिलने आए थे, लेकिन हमने उनसे हाथ मिलाने से इनकार कर दिया।"
बता दें कि हाल ही में फारूक अब्दुल्ला ने घोषणा की है कि वो पार्टी का अध्यक्ष पद अगले महीने छोड़ देंगे। उन्होंने कहा कि वे जिम्मेदारियों से नहीं भाग रहे हैं, वो पार्टी को मजबूत करते रहेंगे।
