पश्चिम बंगाल सीआईडी ने कथित भूमि धोखाधड़ी मामले में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी के करीबी सहयोगी सुमित रॉय के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। जांच एजेंसी के सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। यह घटनाक्रम उस गिरफ्तारी वारंट के एक दिन बाद सामने आया है,जो सोमवार को अदालत ने सुमित रॉय के खिलाफ जारी किया था।
अभिषेक बनर्जी के सहयोगी के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी।
गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से सीआईडी की टीम सुमित रॉय की तलाश में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही है, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इसी वजह से जांच एजेंसी ने उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करने का फैसला किया। हालांकि, राज्य की जांच एजेंसी ने इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। सीआईडी सूत्रों का कहना है कि रॉय की तलाश के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जांच आगे बढ़ रही है।
इस बीच, गिरफ्तारी वारंट जारी होने के दिन ही सुमित रॉय ने कलकत्ता हाईकोर्ट का रुख किया था। उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर अग्रिम जमानत मांग की थी। जिसे उनके वकील ने न्यायमूर्ति जॉय सेनगुप्ता की पीठ के समक्ष मामले का उल्लेख किया। याचिका पर इस सप्ताह सुनवाई होने की संभावना है। एक सीआईडी अधिकारी ने बताया कि जांच के तहत रॉय का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारी ने कहा कि हमने उन सभी स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया है, जहां उनके मौजूद होने की संभावना थी। उन्हें खोजने और जांच को आगे बढ़ाने के लिए हमारी कोशिशें जारी हैं।
जांच के दौरान सीआईडी ने शनिवार तड़के अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के आसपास भी तलाशी अभियान चलाया था। अधिकारियों के अनुसार, रॉय के मोबाइल फोन की अंतिम टावर लोकेशन इसी इलाके में मिली थी। इस सूचना के आधार पर तलाशी ली गई, लेकिन वहां भी वह नहीं मिले।
सूत्रों के मुताबिक, सुमित रॉय का नाम इस मामले में तब सामने आया जब सीआईडी ने पूर्व मेदिनीपुर विधायक सुजाय हजारा से पूछताछ की। हाजरा को इसी कथित भूमि धोखाधड़ी मामले में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
अधिकारियों ने बताया कि जांचकर्ता अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि कथित भूमि धोखाधड़ी मामले में सुमित रॉय की भूमिका क्या थी। साथ ही उन्हें पूछताछ के लिए जांच एजेंसी के सामने पेश कराने के प्रयास भी तेज कर दिए गए हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
