Monsoon Session: गतिरोध हुआ खत्म , सोमवार से चलेगी संसद ,सर्वदलीय बैठक के बाद बनी सहमति, पहलगाम और ऑपरेशन सिंदूर पर होगी चर्चा

पहलगाम, ऑपरेशन सिंदूर और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के कारण मानसून सत्र के पहले सप्ताह में सदन की कार्यवाही बाधित रही।

Monsoon Session: सत्ता पक्ष और विपक्ष के प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ बैठक में फैसला किया कि सदन में गतिरोध खत्म करके अगले सोमवार से कार्यवाही नियमित रूप से संचालित की जाएगी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में गतिरोध खत्म करने पर सहमति बनी।

lok sabha

लोकसभा (फाइल फोटो- PTI)

ऑपरेशन सिंदूर पर विशेष चर्चा होगी

सदन में कांग्रेस के मुख्य सचेतक कोडिकुनिल सुरेश ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि अगले सोमवार से सदन में पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर विशेष चर्चा होगी। सूत्रों का कहना है कि बिरला ने सत्तापक्ष और विपक्षी दलों के नेताओं की शुक्रवार दोपहर बैठक बुलाई थी जिसमें गतिरोध खत्म करने पर सहमति बनी। बैठक में संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू, संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, कांग्रेस नेता गौरव गोगोई और कई अन्य दलों के नेता शामिल हुए।

End of Feed