Lalu Yadav on Rahul Gandhi: पटना में विपक्ष की महाबैठक में लंबे समय बाद आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का पुराना अंदाज नजर आया। प्रेस कांफ्रेस के दौरान उन्होंने राहुल गांधी को लेकर जो कहा उसकी खासी चर्चा हो रही है। इस दौरान लालू ने राहुल को दाढ़ा ट्रिम करवाने के साथ ही शादी करने की नसीहत दे डाली। उनकी इस बात नेताओं के बीच जमकर ठहाके लगे।
लालू यादव ने राहुल गांधी को दाढ़ी ट्रिम करवाने की सलाह देते हुए कहा कि राहुल जी अब शादी कर लीजिए, हम बारात में चलेंगे। सोनिया जी ने भी इस पर सहमति जताई है। लालू यादव ने कहा कि सोनिया जी भी चाहती हैं कि राहुल शादी कर लें।
लालू का चुटीला अंदाज
राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादवने शुक्रवार को अपने चिरपरिचित चुटीले अंदाज में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से कहा कि आप शादी करिए, हम लोग बारात चलें। इसके जवाब में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि आपने कह दिया, तो (शादी) हो जाएगी। विपक्षी दलों की बैठक के बाद प्रसाद ने मीडिया से मुखातिब होने के बाद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए उनकी तारीफ भी की।
लालू ने अडानी मामले को लोकसभा में राहुल गांधी द्वारा उठाए जाने का हवाला देते हुए कहा कि आपने लोकसभा में अच्छा काम किया। उन्होंने राहुल गांधी की दाढ़ी की ओर इशारा करते हुए कहा कि आप घूमने लगे तो दाढ़ी बढ़ा लिए, इससे नीचे मत ले जाइए। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आप हमारी सलाह नहीं माने, विवाह नहीं किए। अभी समय नहीं बीता है। आप शादी करिए, हम लोग बारात चलें। उन्होंने कहा कि आपकी मम्मी (सोनिया गांधी) बोलतीं थीं कि हमारी बात नहीं मानता, शादी करवाइए। आप शादी कर लीजिए। लालू प्रसाद के इस चुटीले अंदाज पर वहां मौजूद नेता और अन्य हंसने लगे।
2024 आम चुनाव की कवायद में पटना में हुई 15 विपक्षी दलों की बैठक के बाद आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव भी जोश में आ गए हैं। लालू ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने आगे की तैयारियों का जिक्र करते हुए कहा कि अब बजरंग बली हमारे साथ हैं। लालू ने कहा कि इस बार बीजेपी और नरेंद्र मोदी का जाना तय है।
और क्या-क्या कहा लालू ने पढ़ें
अब हम फिट हो गए हैं और बढ़िया से भाजपा को फिट कर देना है। सब एक साथ है अब आगे की और तैयारियां होंगी। एक होकर रहना है. इस बार एक रहेंगे तो कोई ताकत नहीं जीत सकती। बजरंगबली इस बार भाजपा से नाराज हो गए हैं, अब हनुमान जी हम लोग के साथ हो गए हैंष हनुमान जी ने कर्नाटक में ऐसा गदा मारा कि राहुल की पार्टी जीत गई, हनुमान जी अब हमारी तरफ आ गए हैं। इस बार भाजपा का और मोदी का जाना तय है। देश टूट की कगार पर खड़ा है और नरेंद्र मोदी अमेरिका में चंदन की लकड़ी बांट रहे हैं।
पटना में महाबैठक
पटना में विपक्षी दलों की बैठक की मेजबानी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने की है। बैठक में राहुल गांधी भी पहुंचे थे। इस बैठक में कुल 15 दल शामिल हुए। बैठक खत्म होने के बाद विपक्षी दलों ने संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस ऐलान किया कि वे सभी मिलकर 2024 लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। साथ ही कहा कि अगली बैठक शिमला में होगी। इसमें केंद्र सरकार की अध्यादेश नीति के खिलाफ दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की मुहिम को भी समर्थन देने का फैसला लिया गया।
