Lalit Modi Passport: इंडियन प्रीमियर लीग (PL) के पूर्व बॉल ललित मोदी को बड़ा झटका लगा है। दरअसल, वानुअतु के प्रधानमंत्री ने ललित मोदी का पासपोर्ट रद्द करने का आदेश दिया है। ललित मोदी के पास वानुअतु की नागरिकता है। गौरतलब है कि ललित मोदी ने हाल ही में भारत की नागरिकता छोड़ने का आवेदन किया था। वानुअतु की सरकार ने कहा है कि 'केवल प्रत्यर्पण से बचने के लिए दक्षिण प्रशांत महासागर के देश की नागरिकता नहीं दी जा सकती।'
ललित मोदी का पासपोर्ट होगा रद्द।
वानुअतु के पीएम ने दिया आदेश
बता दें कि कथित वित्तीय अनियमितताओं के लिए ललित भारत में वांछित हैं। इससे पहले, आईपीएल के पूर्व बॉस ने भारतीय पासपोर्ट सरेंडर करने के लिए लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग को आवेदन दिया था। वानुअतु के पीएम जोथम नपाट ने अपने नागरिकता आयोग से ललित मोदी को जारी पासपोर्ट रद्द करने के लिए कहा।
इस वजह से लिया फैसला
वानुअतु डेली पोस्ट ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय मीडिया में हुए खुलासों के बाद यह फैसला लिया गया है। बाकी जानकारी कल के अखबार में देंगे।’ इस बार उन्होंने ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है। अनुमान लगाया जा रहा है कि वनुआतु को बाद में पता चला कि ललित मोदी भारत का भगोड़ा कारोबारी है,जिस वजह से ये फैसला लिया गया।
वानुअतु की नागरिकता के साथ कई लाभ मिलते हैं
ललित मोदी पर आईपीएल के संचालन में वित्तीय धोखाधड़ी एवं जालसाजी करने के आरोप हैं। उन्होंने हाल ही में वानुअतु की नागरिकता ग्रहण की है। वानुअतु एक छोटा द्वीपीय देश है जो अपनी 'गोल्डन पासपोर्ट' योजना के लिए प्रसिद्ध है। इस योजना के तहत, लगभग 1.3 करोड़ रुपये (1,55,000 अमेरिकी डॉलर) के निवेश पर नागरिकता प्राप्त की जा सकती है। वानुअतु की नागरिकता के साथ कई लाभ मिलते हैं, जैसे कि 120 देशों में वीज़ा-मुक्त यात्रा की सुविधा, जिसमें ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के देश शामिल हैं। यह देश टैक्स हेवन के रूप में भी जाना जाता है।
कहां है वानुअतु
वानुअतु दक्षिण प्रशांत महासागर में स्थित एक द्वीपीय देश है। यह ऑस्ट्रेलिया के पूर्व और फिजी के पश्चिम में स्थित है। वानुअतु लगभग 83 ज्वालामुखीय द्वीपों का एक समूह है, जिनमें से कुछ अभी भी सक्रिय हैं। इसकी राजधानी पोर्ट विला है, जो सबसे बड़े द्वीप एफाटे पर स्थित है। यह देश अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है। यहां की आधिकारिक भाषा बिस्लामा, अंग्रेजी और फ्रेंच हैं।
