केरल हाईकोर्ट ने नाबालिगों और कानून से टकराव की स्थिति में आने वाले बच्चों की उम्र की कानूनी सीमा 18 से घटाकर 16 साल करने पर विचार करने का सुझाव दिया है। अदालत का कहना है कि मौजूदा दौर में 16 साल की उम्र तक पहुंचते-पहुंचते बच्चों में पर्याप्त परिपक्वता विकसित हो रही है। ऐसे में इस उम्र से जुड़े कानूनी प्रावधानों में बदलाव के लिए विधायी संशोधन पर विचार करने का समय आ गया है।
केरल हाईकोर्ट ने दिया सुझाव।
जस्टिस ए बदरुद्दीन ने शुक्रवार को एक याचिका पर सुनवाई करते हुए यह टिप्पणी की। अदालत ने कहा कि हाल के दिनों में इस तरह की कई घटनाएं सामने आई हैं, जिन्हें देखते हुए मामले पर विस्तार से विचार करने की जरूरत है।
क्या है पूरा मामला?
यह याचिका कोल्लम के विनोद विक्रम ने दायर की है। इसमें 23 साल से कम उम्र के लोगों को शराब बेचने, परोसने और उनके शराब सेवन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। याचिकाकर्ता ने नेदुम्बस्सेरी में हुए एक सड़क हादसे का भी हवाला दिया। इस दुर्घटना में कथित तौर पर शराब के नशे में 18 वर्षीय युवक सुहैल सजीव ने अपनी मिनी कूपर कार से एक स्कूटर को टक्कर मार दी थी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी।याचिका में राज्य सरकार, सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के निदेशक, आबकारी आयुक्त और उन तीन बार के प्रबंध निदेशकों को पक्षकार बनाया गया है, जहां कथित तौर पर मुख्य आरोपी को शराब परोसी गई थी।
