Karnataka CM: कर्नाटक का मुख्यमंत्री (Karnataka CM post) कौन होगा? चुनाव जीतने के बाद से लेकर अब तक कांग्रेस (Congress) इस सवाल का हल नहीं ढूंढ पाई है। दिल्ली से लेकर कर्नाटक (Karnataka) तक इस सवाल को लेकर खूब मंथन हो रहा है। कांग्रेस के ऑब्जर्वर अपनी रिपोर्ट पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun kharge ) को सौंप चुके हैं। संभव है कि मुख्यमंत्री (Karnataka CM) के नाम को लेकर आज ऐलान हो जाए।
कर्नाटक सीएम का ऐलान आज संभव
इस बीच खबर है कि दिल्ली में कर्नाटक के दिग्गज नेता सिद्धारमैया (Siddaramaiah) के नाम पर सहमति बन चुकी है। उन्होंने कल संकेत भी दिया था कि उनके पास करीब 90 विधायकों का समर्थन है। सिद्धारमैया कल से दिल्ली में ही डेरा जमाए हुए हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री के नाम के ऐलान को लेकर एक बड़ा डर डीके शिवकुमार (DK Shivakumar) की नाराजगी है। कांग्रेस आलाकमान (Congress) किसी भी सूरत में शिवकुमार को नाराज नहीं करना चाहता है। पार्टी के बड़े नेताओं को डर है कि कहीं इसका असर 2024 के लोकसभा चुनाव (2024 Lok Sabha Election) पर न पड़े और डीके शिवकुमार राजस्थान की तरह दूसरे 'पायलट' न बन जाएं। ऐसे में पार्टी एक-एक कदम फूंक कर रख रही है।
ऐसे में आइए जानते हैं डीके शिवकुमार की ताकत क्या है? उनकी नाराजगी कांग्रेस के लिए कितनी भारी पड़ सकती है? 2024 के लोकसभा चुनाव पर इसका क्या असर पड़ेगा? शिवकुमार के लिए कांग्रेस के पास क्या प्रस्ताव है? और राजस्थान के नेता सचिन पायलट से उनकी तुलना क्यों हो रही है?
पहले शिवकुमार की ताकत क्या है?
कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार की सबसे बड़ी ताकत उनकी ऑर्गेनाइजेशनल स्किल है। राज्य में उन्होंने जिस तरह से पार्टी को एक किया और युवाओं को जोड़ा, उसकी मिसाल आलाकमान भी मानता है। दूसरी बात वह वोक्कालिगा समुदाय से आते हैं, जिसकी आबादी कर्नाटक में करीब 11 प्रतिशत है। ऐसे में कांग्रेस आलाकमान इस समुदाय की नाराजगी भी मोल नहीं लेना चाहता है। तीसरी और सबसे अहम बात शिवकुमार कर्नाटक में कांग्रेस के संकटमोचक रहे हैं और उन्होंने समय-समय पर पार्टी के प्रति अपनी वफादारी का भी प्रमाण दिया है।
नाराजगी का क्या पड़ेगा असर?
शिवकुमार की ताकत को देखते हुए ही पार्टी उनकी नाराजगी को मोल नहीं लेना चाहता है। पार्टी आलाकमान को पता है कि इसका सीधा असर 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव पर पड़ेगा। दरअसल, कर्नाटक में लोकसभा की 28 सीटें हैं। वर्तमान में राज्य में कांग्रेस का सिर्फ एक सांसद है। पार्टी यहां कम से कम 15 से 20 सीटें जीतने का ख्वाब देख रही है और इसे पूरा करने के लिए उन्हें संगठन में डीके शिवकुमार की जरूरत पड़ेगी। दरअसल, जिस तरह से उन्होंने विधानसभा चुनाव को मैनेज किया और कांग्रेस को जीत दिलाई उसी तरह पार्टी लोकसभा चुनाव में भी उनकी भूमिका को देख रही है।
शिवकुमार के लिए क्या प्रस्ताव?
पार्टी सूत्रों और मीडिया रिपोर्ट्स का कहना है कि कांग्रेस आलाकमान शिवकुमार को डिप्टी सीएम और महत्वपूर्ण मंत्रालय का प्रभार दे सकता है। कांग्रेस में इस समय एक व्यक्ति एक पद का नियम है, लेकिन शिवकुमार के लिए इस नियम को भी तोड़ा जा सकता है। पार्टी 2024 लोकसभा चुनाव तक शिवकुमार को राज्य कांग्रेस अध्यक्ष भी बनाए रख सकती है। ऐसे में शिवकुमार कर्नाटक कांग्रेस प्रेसीडेंट के साथ डिप्टी सीएम भी हो सकते हैं।
पायलट से क्यों रही तुलना?
डीके शिवकुमार की तुलना राजस्थान कांग्रेस के नता सचिन पायलट से हो रही है। दरअसल, राजस्थान विधानसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी के कहने पर सचिन पायलट ने जयपुर में डेरा जमाया और युवाओं को पार्टी से जोड़ा, जिसका नतीजा यह हुआ कि पार्टी ने जीत दर्ज की थी। हालांकि, जब सीएम बनाने की बात आई तो आलाकमान राजस्थान के दिग्गज नेता अशोक गहलोत को नकार नहीं सकी और उन्हें मुख्यमंत्री बनाया गया, जिसके बाद सचिन पायलट और अशोक गहलोत के बीच तकरार खुलकर सामने आई और समय-समय पर पायलट आलाकमान को अपनी ताकत का अहसास भी कराते रहते हैं। ठीक इसी तरह पार्टी को डर है कि कहीं डीके शिवकुमार भी राजस्थान की तरह दूसरे पायलट न बन जाएं।
