Karnataka Cabinet Expansion: कर्नाटक में आज यानि कि शनिवार (27 May 2023) को सिद्धारमैया सरकार का मंत्री विस्तार होगा। इसके लिए कांग्रेस ने 24 विधायकों के नाम फाइनल कर दिए हैं, जो मंत्री पद की शपथ लेंगे। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने मंत्रियों के संभावित नाम को लेकर शुक्रवार को आलाकमान से मीटिंग की थी, जिसके बाद इन विधायकों के नाम फाइनल किए गए हैं।
Karnataka cabinet expansion: कर्नाटक में शनिवार को 24 विधायक बनेंगे मंत्री
सिद्धारमैया की तरफ के मंत्री
कांग्रेस ने जिन 24 विधायकों की लिस्ट की मंजूरी दी है, उनके बारे में कहा जा रहा है कि वो दोनों खेमों से हैं। शनिवार को शपथ लेने वाले संभावित मंत्रियों की सूची में दिनेश गुंडु राव, कृष्णा बायरे गौड़ा, ईश्वर खंड्रे, रहीम खान, संतोष लाड, के एन राजन्ना, पीरियापट्टन वेंकटेश, एच सी महादेवप्पा, बैराथी सुरेश, शिवराज तंगाडागी, आरबी तिम्मापुर और बी नागेंद्र के बारे में कहा जा रहा है कि ये सभी सिद्धारमैया के करीबी हैं।
डीके शिवकुमार का खेमा
डीके शिवकुमार के करीबी माने जाने वाले विधायकों की सूची में लक्ष्मी हेब्बलकर, मधु बंगारप्पा, डी सुधाकर, चेलुवारया स्वामी, मंकुल वैद्य और एम सी सुधाकर शामिल हैं। एन एस बोसेराजू अकेले एमएलसी हैं जिनका नाम राज्य मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले नए मंत्रियों की सूची में शामिल किया गया है।
34 हो जाएगी मंत्रियों की संख्या
20 मई को मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उनके डिप्टी शिवकुमार के साथ आठ मंत्रियों ने पहले ही शपथ ले ली है। पहले कैबिनेट विस्तार से कर्नाटक सरकार में मंत्रियों की संख्या 34 हो जाएगी, जो 224 सदस्यीय विधानसभा में अधिकतम संख्या होगी। मंत्रियों की लिस्ट के अलावा कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे ने कर्नाटक विधानसभा के डिप्टी स्पीकर के रूप में सी पुट्टारंगशेट्टी की नियुक्ति के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है।
जातीय समीकरण को महत्व
कांग्रेस द्वारा अंतिम रूप दी गई सूची के अनुसार, विस्तारित मंत्रिमंडल में लिंगायत समुदाय, वोक्कालिगा समुदाय, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति, मुस्लिम समुदाय और ब्राह्मण समुदाय के मंत्री होंगे। यानि कांग्रेस ने मंत्रियों की इस सूची से जातीय समीकरण को भी साधने की कोशिश की है।
