Ram Mandir Donation Theft Row: राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर सियासत लगातार गर्माती जा रही है। विपक्ष लगातार भारतीय जनता पार्टी (BJP), विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की आलोचना कर रहा है। इसी कड़ी में राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल का बयान सामने आया। उन्होंने भाजपा, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल को फर्जी बताया।
राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल (फाइल फोटो)
कपिल सिब्बल ने इन संगठनों को 'फर्जी हिंदू' करार देते हुए आरोप लगाया कि इन्होंने भगवान राम के नाम पर राजनीति की और अब उन्हीं के नाम पर आए चढ़ावे में कथित गड़बड़ी हुई। सिब्बल ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''विश्व हिंदू परिषद, भाजपा, बजरंग दल... राम के नाम पर वोट तो लेंगे, फिर राम को ही वो लूटेंगे। असली हिंदू ये क्या जाने, ये तो फर्जी हिंदू हैं।''
SIT कर रही मामले की जांच
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (SIT) ने 23 जून को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट पेश की। इसके आधार पर 25 जून को एफआईआर दर्ज की गई और दान गिनने की प्रक्रिया से जुड़े आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया।
इस बीच, पुलिस सूत्रों ने बताया कि अयोध्या पुलिस ने बुधवार को मामले में नए सिरे से तलाशी अभियान चलाया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान एक क्यूआर कोड लगी दान पेटी, नकदी, सोना, चांदी और विदेशी मुद्रा बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी लवकुश मिश्रा के घर की भी तलाशी ली और उसके पिता बच्चू लाल मिश्रा से पूछताछ की।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: राम मंदिर दान नेटवर्क पर बड़ा खुलासा! चंपत राय के गेस्ट हाउस के अंदर TIMES NOW का स्टिंग, बिना बिल सोना-चांदी लेने की बात
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अबतक विभिन्न आरोपियों से लाखों रुपये की नकदी बरामद की। अविनाश शुक्ला से 20.39 लाख, करुणेश पांडे से 18.07 लाख, अनुकल्प मिश्रा से 16.82 लाख, लवकुश मिश्रा से 14.25 लाख, रमाशंकर मिश्र से 7.32 लाख और रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू से एक लाख रुपये जब्त किए गए।
CM योगी ने सख्त से सख्त कार्रवाई का आश्वासन
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी और उसे कानून के अनुसार सजा दिलाई जाएगी।
