Rajasthan Legislative Assembly Election 2023: राजस्थान में विधानसभा चुनाव होने में अब छह महीने से भी कम का समय रह गया है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी पूरी ताकत से गहलोत सरकार को उखाड उखाड़ फेंकने के मिशन में लग गई है। एक तरह सोशल मीडिया पर 'नहीं सहेगा राजस्थान' अभियान जोरों से चल रहा है तो दूसरी ओर भाजपा ने पार्टी के शीर्ष नेताओं के कार्यक्रम लगाकर गहलोत सरकार की घेराबंदी करने की तैयारी कर ली है। पिछले 10 महीनों में 7 से ज्यादा दौरे खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर चुके हैं। आगे क्रम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह राजस्थान का दौरा कर गहलोत सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे।
गहलोत सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे नड्डा और शाह
भाजपा राजस्थान के अध्यक्ष सीपी जोशी ने बताया कि 28 जून को गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का जोधपुर में कार्यक्रम है। 29 जून को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भरतपुर में रहेंगे। इसके बाद 30 जून को गृह मंत्री अमित शाह और राजनाथ सिंह का उदयपुर में कार्यक्रम होगा। सभी जगह जनसभा का आयोजन किया जाएगा।
बीजेपी के ये दिग्गज नेता जनसभा के माध्यम से प्रदेश सरकार को घेरने के साथ साथ मोदी सरकार के 9 साल में कराए गए कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का बखान खुले मंच से करेंगे। संपर्क से समर्थन अभियान और टिफिन बैठक भी होगी जिसमें पार्टी के दिग्गज नेता अपने कार्यकर्ताओं से रूबरू होकर उनमें जोश भरेंगे। बीजेपी के दिग्गज राजस्थान के ताबड़तोड़ दौरे कर हर हाल में यहां कमल खिलाना चाहते हैं।
इन मुद्दों पर गहलोत सरकार को घेर रही बीजेपी
संपर्क से समर्थन अभियान के तहत भाजपा ने नारे भी तैयार किए हैं। इनमें 'कर्ज में किसान, नहीं सहेगा राजस्थान', 'भ्रष्टाचार खुलेआम, नहीं सहेगा राजस्थान', 'अपराध बेलगाम, नहीं सहेगा राजस्थान', 'पेपरलीक से युवा परेशान, नहीं सहेगा राजस्थान', 'बहन बेटियों का अपमान, नहीं सहेगा राजस्थान' जैसे नारे शामिल हैं।
प्रदेश महामंत्री संगठन ने संभाला मोर्चा
राजस्थान भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री संगठन चंद्रशेखर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के कार्यक्रमों की कमान संभाल ली है। महामंत्री संगठन चंद्रशेखर हाल ही में उदयपुर पहुंचे और मेवाड़ की वीर धरा उदयपुर में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की विशाल जन-सभा हेतु जिला कार्यकर्ता बैठक की।
