Dark Web Crime: झारखंड के गिरिडीह जिले से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। झारखंड सीआईडी (अपराध अन्वेषण विभाग) ने कई विदेशी नागरिकों को बाल यौन शोषण सामग्री (सीएसईएएम) की ऑनलाइन आपूर्ति करने और बेचने के आरोप गिरिडीह जिले से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। सीआईडी ने रविवार को एक विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी है। झारखंड CID ने दावा किया है कि जिले के एक छोटे से इलाके से कथित तौर पर ऐसा ऑनलाइन नेटवर्क चलाया जा रहा था, जिसका संबंध विदेशों तक फैला हुआ था। जांच एजेंसियों के मुताबिक, बच्चों से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और निजी डिजिटल समूहों के जरिए साझा और बेची जा रही थी।
ओमान, बांग्लादेश और UAE में भारी डिमांड...बाल यौन शोषण के वीडियो बनाकर बेचते गिरफ्तार हुए ये दो लोग
CID को कुछ समय पहले सूचना मिली थी कि सोशल मीडिया और बंद ऑनलाइन चैनलों के जरिए अवैध सामग्री प्रसारित की जा रही है। इसके बाद CID की टीम ने गंडेय थाना क्षेत्र के कोल्डीह इलाके में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान वहाब अंसारी और हसन रजा के रूप में हुई है।
वहाब अंसारी और हसन रजा
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपियों के मोबाइल फोन और डिजिटल डिवाइस की जांच में कई संदिग्ध फाइलें और चैट रिकॉर्ड मिले हैं। शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी कई ऑनलाइन समूहों और चैनलों में सक्रिय थे, जहां कथित तौर पर विदेशी नागरिकों तक सामग्री पहुंचाई जाती थी।
कई देशों में खरीदार
CID का कहना है कि इस नेटवर्क के तार ओमान, बांग्लादेश और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) तक जुड़े होने के संकेत मिले हैं। एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि यह नेटवर्क कितने समय से सक्रिय था और इसमें और कितने लोग शामिल हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर एक्सपर्ट्स और डिजिटल फॉरेंसिक टीम भी जांच में जुटी हुई हैं। CID अब आरोपियों के बैंक लेनदेन, ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच कर रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
