जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी है। बीएसएफ, सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कुपवाड़ा जिले के कालारूस में एक संयुक्त ऑपरेशन के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। सुरक्षाबलों ने एक पथरीली गुफा में छिपे आतंकी ठिकाने का पता लगाया, जहां से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है।
सुरक्षा बलों ने कुपवाड़ा में बरामद किया हथियारों का जखीरा (फोटो- BSF)
ये भी पढ़ें- बलूचों पर अत्याचार जारी! मानवाधिकार संगठन का दावा- 2025 में बलूचिस्तान में 121 हत्याएं, 785 लोग गायब
तीन दिन तक चला अभियान
बीएसएफ ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि तीन दिन तक चले इस संयुक्त अभियान में 4 अगस्त को कालारूस इलाके में आतंकियों के गढ़ में ग्रेनेड, पिस्तौल, केनवुड रेडियो सेट, उर्दू में आईईडी बनाने की किताब और आग जलाने वाली छड़ें बरामद हुई हैं। इस ठिकाने से 12 चीनी ग्रेनेड, एक चीनी पिस्तौल के साथ अन्य हथियार और विस्फोटक सामग्री मिली है। बीएसएफ ने कहा कि इस कार्रवाई ने आतंकियों की खतरनाक साजिश को विफल कर दिया है।
लगातार चल रहे हैं ऑपरेशन
बता दें कि जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बल लगातार आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। कुलगाम जिले में आतंकवादियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का अभियान सोमवार को चौथे दिन भी जारी है। अधिकारियों ने बताया कि अखल जंगल इलाके में रातभर रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही। सेना, सीआरपीएफ, और जम्मू-कश्मीर पुलिस सहित संयुक्त बलों ने सीएएसओ (घेराबंदी और तलाशी अभियान) के तहत का दायरा बढ़ा दिया है। इस अभियान में अब तक एक आतंकवादी मारा गया है और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हुआ है। इसके अलावा, चार जवानों को भी चोटें आई हैं।
