राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के चीन (China) वाले बयान पर अब बीजेपी ने बड़ा पलटवार किया है। बीजेपी (BJP) ने कहा कि ये मोदी का नया भारत है, जवाहर लाल नेहरू का 1962 वाला भारत नहीं है। अगर कोई भारत के खिलाफ आंख उठाता है तो उसे करारा जवाब मिलता है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दावा किया था कि चीन, भारत के साथ युद्ध की तैयारी कर रहा है और भारत सरकार सो रही है। इसी पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा ने शुक्रवार को उन पर सेना का मनोबल गिराने का आरोप लगाया और उनके परनाना पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर कटाक्ष किया।
भाजपा प्रवक्ता राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कहा- "अपनी यात्रा के दौरान, राहुल गांधी ने देश में भ्रम फैलाने और भारतीय सैनिकों को हतोत्साहित करने के लिए भारतीय सुरक्षा और सीमावर्ती क्षेत्रों के बारे में टिप्पणी की है। यह उनके परनाना, नेहरू का भारत नहीं है, जो चीन से 37,242 वर्ग किमी जमीन हार गए थे।"
उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि 2014 में नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के बाद से सीमा के बुनियादी ढांचे पर खर्च में तीन गुना वृद्धि हुई है। देश अब अपनी सीमाओं और क्षेत्र की मजबूती से रक्षा कर रहा है।
आगे राठौर ने कहा कि 2008 से 2013 के बीच जब कांग्रेस की सरकार थी तब चीनी सेना ने 600 बार घुसपैठ की थी। तब वे अभ्यस्त हो गए थे कि वे अंदर आ सकते हैं और उन्हें वहां भारतीय सेना नहीं मिलेगी। यदि सेना होती भी तो उन्हें चीनी सेना के खिलाफ लड़ने के लिए केंद्र से कोई स्पष्ट निर्देश नहीं होता। कांग्रेस ने ऐसा भारत बनाने की साजिश रची जो किसी के खिलाफ खड़ा नहीं हो सकता था। लेकिन अब ऐसी बात नहीं है, ये मोदी का नया भारत है, जहां दुश्मन को करारा जवाब मिलता है।
