INS Sudarshini: भारतीय नौसेना के प्रशिक्षण पोत आईएनएस सुदर्शनी ने (INS Sudarshini ) न्यूयॉर्क में आयोजित संयुक्त राज्य अमेरिका के अंतर्राष्ट्रीय नौसेना समीक्षा 250 और Sail4th 250 में भारत का प्रतिनिधित्व किया। अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के उपलक्ष्य में आयोजित हडसन नदी पर परेड ऑफ सेल में पोत ने भाग लिया। अमेरिका स्थित भारतीय दूतावास ने X पर साझा किए गए एक पोस्ट में कहा, "आईएनएस सुदर्शनी न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी के बंदरगाह में प्रवेश कर गई है। भारतीय नौसेना के प्रशिक्षण पोत सुदर्शनी ने 4 जुलाई को न्यूयॉर्क में आयोजित संयुक्त राज्य अमेरिका के अंतर्राष्ट्रीय नौसेना समीक्षा 250 और Sail4th 250 में भारत का प्रतिनिधित्व किया।" पोत की भागीदारी पर प्रकाश डालते हुए दूतावास ने आगे कहा, तीन मस्तूलों वाला यह पोत हडसन नदी पर परेड ऑफ सेल में तिरंगा फहराते हुए भारत की समुद्री विरासत के प्रतीक के रूप में उभरा।
INS सुदर्शिनी (Photo: x/@IndianEmbassyUS)
SAIL 4th 250 कार्यक्रम में भागीदारी
दूतावास ने कहा, "जहाज की 10 महीने लंबी समुद्री यात्रा को कवर करने वाला लोकयान 2026 अभियान, विभिन्न महासागरों और नौसेनाओं के बीच समुद्री सहयोग के प्रति भारतीय नौसेना की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।" दूतावास ने आगे कहा कि यह विशाल जहाज "SAIL 4th 250 कार्यक्रम में अपनी भागीदारी जारी रखे हुए है, जिसने नॉरफॉक और बाल्टीमोर में SAIL 250 चरण पूरा कर लिया है।"
भारत की समुद्री विरासत को उजागर करने और भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच नौसैनिक संबंधों को मजबूत करने वाले अपने ऐतिहासिक समुद्री अभियान लोकयान 26 के तहत आईएनएस सुदर्शनी शुक्रवार को मैरीलैंड के बाल्टीमोर बंदरगाह पर पहुंचा। आईएनएस सुदर्शनी नॉरफॉक से ऐतिहासिक चेसापीक और डेलावेयर (सी एंड डी) नहर से होते हुए, मध्य अटलांटिक के प्रमुख पुलों के नीचे से गुजरते हुए बाल्टीमोर पहुंचा। विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह यात्रा अभियान में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है और भारतीय नौसेना और अमेरिकी नौसेना के बीच अटूट मित्रता और सहयोग को रेखांकित करती है।
SAIL250 वर्जीनिया समारोह में भाग लिया
बाल्टीमोर पहुंचने से पहले, भारतीय नौसेना के नौकायन प्रशिक्षण पोत ने 19 से 23 जून तक नॉरफॉक में आयोजित SAIL250 वर्जीनिया समारोह में भाग लिया, जहां उसने विश्व भर के विशाल जहाजों के साथ परेड ऑफ सेल और सिटी क्रू परेड में हिस्सा लिया। कोच्चि से शुरू हुई इस यात्रा ने पांच महीनों में 13,000 समुद्री मील से अधिक की दूरी तय की है, जो भारत की समुद्री परंपराओं और पहुंच को दर्शाती है और "वसुधैव कुटुंबकम" की भावना के तहत राष्ट्रों के बीच मित्रता, सहयोग और आपसी विश्वास को बढ़ावा देती है।
आईएनएस सुदर्शनी भारतीय नौसेना का नौकायन प्रशिक्षण पोत है, जिसका उपयोग नौसेना कर्मियों को पारंपरिक नौकायन कौशल में प्रशिक्षित करने के साथ-साथ समुद्री कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय जुड़ाव को बढ़ावा देने के लिए किया जाता है। SAIL250 और Sail4th 250 संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रव्यापी समारोहों का हिस्सा हैं, जो देश की स्थापना की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे हैं। इन समारोहों में नॉरफ़ॉक, बाल्टीमोर, न्यूयॉर्क, बोस्टन और न्यू ऑरलियन्स सहित विभिन्न बंदरगाहों पर अंतरराष्ट्रीय विशाल जहाज, नौसेना पोत और विमान एक साथ आए।
