रांची एयरपोर्ट पर इंडिगो के एक फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है। मिली जानकारी के अनुसार जब इंडिगो का प्लेन हवा में था, तब वह एक पक्षी के टकरा गया, जिससे प्लेन को नुकसान पहुंचा। इस घटना के बाद पायलट ने तुरंत एयर कंट्रोल को इसकी जानकारी दी और रांची एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई।
रांची में इंडिगो के प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग (प्रतीकात्मक फोटो)
ये भी पढ़ें- जैसे ही दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड करने वाला थी इंडिगो की फ्लाइट, आंधी की चपेट में गया आ; देखिए वीडियो
4 हजार फीट की ऊंचाई पर गिद्ध से टकराया प्लेन
पीटीआई के अनुसार इंडिगो का प्लेन करीब 4 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ान भर रहा था, तभी गिद्ध से टकरा गया। जिसके बाद पायलट ने तुरंत प्लेन को इमरजेंसी लैंडिंग कराने का फैसला किया। विमान की लैंडिंग सफल रही है और सभी यात्री सुरक्षित हैं। इंडिगो की इस उड़ान में करीब 175 यात्री सवार थे, ये सभी तब बाल-बाल बच गये जब विमान को पक्षी से टकराने के बाद आपात स्थिति में रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर उतारा गया। एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं, जबकि विमान एयरबस 320 को नुकसान पहुंचा है।
पटना से रांची आ रहा था विमान
बिरसा मुंडा हवाई अड्डे के निदेशक आर आर मौर्य ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘ रांची के पास इंडिगो की एक उड़ान से पक्षी टकरा गयी। जब यह घटना हुई, तब विमान यहां से करीब 10 से 12 नौटिकल मील दूर, करीब 3,000 से 4,000 फुट की ऊंचाई पर था। इंडिगो का यह विमान पटना से रांची आ रहा था और पायलट को उसे यहां आपातस्थिति में विमान उतारना पड़ा।’’
रांची के बाद जाना था कोलकाता
उन्होंने कहा कि सभी यात्री सुरक्षित हैं लेकिन गिद्ध से टक्कर लगने के बाद विमान को नुकसान पहुंचा। इंजीनियर नुकसान का आकलन कर रहे हैं। यह घटना दोपहर एक बजकर 14 मिनट पर हुई। एक अन्य अधिकारी ने कहा कि रांची आ रहे इस विमान का कोलकाता जाने का कार्यक्रम था।
हालांकि इंडिगो ने कोई टिप्पणी नहीं की है।
