Indigo Crisis: देशभर में 'हवाई लॉकडाउन'; भारत के सबसे बिजी रूट्स पर कितना बढ़ा किराया? जानें कैसे मुश्किल होते गए हालात

इंडिगो द्वारा सैकड़ों उड़ानें रद्द करने से भारत की घरेलू हवाई यात्रा अस्त-व्यस्त हो गई है। इंडिगो में संकट के बीच अन्य एयरलाइंस पर दबाव बढ़ गया है। इस कारण सबसे व्यस्त हवाई रूट्स पर टिकटों की कीमतें आसमान छू रही हैं। इस कारण जहां यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं देश के विभिन्न एयरपोर्ट्स पर अफरातफरी वाला माहौल है।

देश की सबसे बड़ी विमानन कंपनियों में शुमार इंडिगो में उड़ान पर कटौती से हवाई सफर पर लॉकडाउन जैसी स्थितियां पैदा हो गई हैं। इंडिगो के परिचालन में आई बड़ी गड़बड़ी ने पूरे सेक्टर की रफ्तार को थाम दिया है। इंडिगो में उड़ानें रद्द होने का सिलसिला चौथे-पांचवें दिन भी जारी है। इसका सीधा असर यात्रियों की जेब पर पड़ा है। हालत यह है कि दिल्ली से मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई जैसे रूट्स पर हवाई टिकटों के दाम अचानक कई गुना बढ़ गए। कई मुसाफिर तो टिकट की कीमत सुनकर ही वापस लौट गए और कुछ ने मजबूरी में यात्रा टाल दी। आलम यह है कि लोग घरेलू सफर की बजाय विदेशों की यात्रा करने को बेहतर बता रहे हैं।

INDIGO Crisis

इंडिगो संकट के बीच आसमान पर पहुंचा हवाई किराया। फोटो- PTI

कई टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म के आंकड़ों में साफ दिख रहा है कि जिन रूट्स पर सामान्य दिनों में 6-8 हजार रुपये में आराम से टिकट मिल जाता था, वहीं अब 50–60 हजार रुपये भी कम पड़ रहे हैं। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई और हैदराबाद जैसे प्रमुख शहरों के बीच किरायों में ऐसी छलांग देखने को मिल रही है, जिससे यात्रियों को अपने प्लान को कैसिंल करने पर मजबूर कर दिया है।

End of Feed