दिल्ली से जबलपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट में एक यात्री के साथ कथित मारपीट की घटना सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। मामला इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-6038 का बताया जा रहा है, जिसमें यात्रा कर रहे सुप्रीम कोर्ट के वकील ने दूसरे यात्री पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
दिल्ली से जबलपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट में मारपीट। AI IMAGE
क्या है मामला?
जानकारी के मुताबिक, कोलकाता निवासी एडवोकेट सुहान मुखर्जी अपने तीन साल के बच्चे और एक केयरटेकर के साथ दिल्ली से जबलपुर आ रहे थे। आरोप है कि फ्लाइट के दौरान हैंड बैगेज निकालने को लेकर उनकी दूसरे यात्री से कहासुनी हो गई, जिसके बाद मामला कथित तौर पर मारपीट तक पहुंच गया।
वकील ने क्या लगाए आरोप?
वकील का आरोप है कि दूसरे यात्री ने न सिर्फ उनके साथ हाथापाई की बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद जबलपुर पहुंचने पर उन्होंने खमरिया थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में योगेश बंसल नाम के यात्री पर आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद एडवोकेट का मेडिकल परीक्षण कराया। शिकायतकर्ता के अनुसार, घटना में उनके सिर, कंधे और पीठ पर चोटें आई हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फ्लाइट के अंदर हुई पूरी घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
विवेक तन्खा ने मामले पर जताई चिंता
इस मामले पर राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर घटना को शर्मनाक बताते हुए पर्यटकों और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए। साथ ही उन्होंने एफआईआर दर्ज होने में कथित देरी को लेकर मध्य प्रदेश पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
