मेटा के खिलाफ यूथ कांग्रेस की मुहिम को ग्लोबल कवरेज, 46 देशों तक पहुंचा IYC का 'डिजिटल आजादी' अभियान

अंतरराष्ट्रीय मीडिया में भारतीय युवा कांग्रेस के मेटा के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों, इंस्टाग्राम अकाउंट्स पर प्रतिबंध, राजनीतिक सामग्री को कथित तौर पर हटाए जाने और कंपनी से पारदर्शिता की मांग जैसे मुद्दों को उठाया गया है। IYC का कहना है कि अभियान को मिल रहा अंतरराष्ट्रीय ध्यान डिजिटल स्वतंत्रता, कंटेंट मॉडरेशन और बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियों की जवाबदेही से जुड़े सवालों को वैश्विक स्तर पर सामने ला रहा है।

भारतीय युवा कांग्रेस ने दावा किया है कि मेटा के खिलाफ चलाए जा रहे उसके ‘डिजिटल आज़ादी’ अभियान को अंतरराष्ट्रीय मीडिया में व्यापक कवरेज मिला है। संगठन की ओर से जारी मीडिया मॉनिटरिंग रिपोर्ट के मुताबिक, 20 से 26 नवंबर 2026 के बीच 46 अंतरराष्ट्रीय बाजारों में 106 मीडिया स्रोतों के लिंक जुटाए गए हैं।

IYC का 'डिजिटल आजादी' अभियान

IYC का 'डिजिटल आजादी' अभियान

IYC की रिपोर्ट के अनुसार, 41 बाजारों में मीडिया कवरेज दर्ज की गई है, जबकि 5 संभावित मीडिया लीड्स शामिल हैं। रिपोर्ट में उत्तरी अमेरिका, दक्षिण अमेरिका, यूरोप, मध्य पूर्व, एशिया और एशिया-प्रशांत क्षेत्र के मीडिया संस्थानों का उल्लेख है।

अंतरराष्ट्रीय मीडिया में भारतीय युवा कांग्रेस के मेटा के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों, इंस्टाग्राम अकाउंट्स पर प्रतिबंध, राजनीतिक सामग्री को कथित तौर पर हटाए जाने और कंपनी से पारदर्शिता की मांग जैसे मुद्दों को उठाया गया है। IYC का कहना है कि अभियान को मिल रहा अंतरराष्ट्रीय ध्यान डिजिटल स्वतंत्रता, कंटेंट मॉडरेशन और बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियों की जवाबदेही से जुड़े सवालों को वैश्विक स्तर पर सामने ला रहा है।

मेटा के खिलाफ क्यों शुरू हुआ अभियान?

भारतीय युवा कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स और संगठन के नेताओं के अकाउंट्स पर बार-बार प्रतिबंध लगाए जाने को लेकर ‘डिजिटल आज़ादी’ अभियान शुरू किया था। संगठन ने विशेष रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट्स को भारत में प्रतिबंधित किए जाने पर सवाल उठाए हैं।

IYC ने आरोप लगाया है कि राजनीतिक असहमति की आवाज़ों और सरकार की आलोचना करने वाली पोस्ट पर चुनिंदा तरीके से कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, ये आरोप संगठन की ओर से लगाए गए हैं।

मेटा को सात दिन का अल्टीमेटम

IYC ने मेटा को सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए चार सवालों के जवाब मांगे हैं। संगठन ने पूछा है कि पिछले छह महीनों में भारत सरकार के आदेश पर कितने भारतीय सोशल मीडिया अकाउंट्स प्रतिबंधित किए गए और उनमें से कितने अब भी प्रतिबंधित हैं। इसके अलावा, राहुल गांधी का उल्लेख करने वाली या मोदी सरकार की आलोचना करने वाली पोस्ट पर कथित ऑटोमेटेड प्रतिबंधों, भारत में कंटेंट मॉडरेशन से जुड़े फैसलों की पारदर्शिता और जवाबदेही तथा प्रतिबंधित अकाउंट्स के लिए शिकायत और अपील की व्यवस्था पर भी जवाब मांगा गया है।

IYC के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि अभियान को मिल रहा अंतरराष्ट्रीय मीडिया का ध्यान दिखाता है कि डिजिटल युग में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की लड़ाई केवल भारत तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि मेटा को नागरिकों के सवालों का स्पष्ट जवाब देना चाहिए और सभी राजनीतिक आवाज़ों के साथ समान व्यवहार सुनिश्चित करना चाहिए।

वहीं, IYC के राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा ने कहा कि यह मुद्दा किसी एक सोशल मीडिया अकाउंट तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों के स्वतंत्र रूप से अपनी बात रखने के अधिकार से जुड़ा है। उन्होंने मेटा से कंटेंट मॉडरेशन नीतियों की व्याख्या करने और संबंधित आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग की।

कल मेटा मुख्यालय के बाहर फिर होगा प्रदर्शन

यूथ कांग्रेस ने मेटा के खिलाफ अपने ‘डिजिटल आज़ादी’ अभियान के तहत कल गुरुग्राम स्थित मेटा इंडिया मुख्यालय के सामने ‘हल्ला बोल’ विरोध प्रदर्शन आयोजित करने का ऐलान किया है। यह प्रदर्शन युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के अगुवाई में होगा। कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय नेता मौजूद रहेंगे और मीडिया को संबोधित करेंगे।

End Article
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं।...

End of Feed