Indian, Pakistani Warships Collision: भारतीय नौसेना के एक युद्धपोत और पाकिस्तानी नौसैनिक पोत के बीच उत्तर अरब सागर में टक्कर की घटना सामने आई है। इस मामले को लेकर नई दिल्ली ने पाकिस्तानी राजनयिक को तलब किया है।
भारतीय युद्धपोत से टकराया पाकिस्तानी नौसैनिक पोत (प्रतीकात्मक तस्वीर)
भारत-PAK युद्धपोत के बीच कब हुई टक्कर?
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, भारतीय नौसेना के युद्धपोत और पाकिस्तानी नौसैनिक पोत के बीच टकराव की घटना 15 सितंबर की शाम उस समय हुई, जब भारतीय युद्धपोत अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में नियमित निगरानी मिशन पर था।
'पैंतरेबाजी कर रहा था पाकिस्तानी पोत'
भारत ने पाकिस्तानी पोत की असुरक्षित पैंतरेबाजी को लेकर विरोध दर्ज कराया। भारतीय पक्ष का कहना है कि पाकिस्तानी पोत तेज गति से भारतीय जहाज के करीब आया और असुरक्षित तथा गैर-पेशेवर तरीके से पैंतरेबाजी की, जिसके बाद दोनों जहाजों की टक्कर हुई। हालांकि, इस घटना में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
पाकिस्तानी राजनयिक को किया गया तलब
इस घटना के सामने आने के बाद विदेश मंत्रालय ने नई दिल्ली स्थित पाकिस्तानी राजनयिक को तलब किया। भारत ने पाकिस्तानी नौसैनिक इकाइयों के आचरण को 'अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर' बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया।
बकौल विदेश मंत्रालय, घटना अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में हुई और इससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, भारत का कहना है कि पाकिस्तानी नौसैनिक पोत का आचरण 1991 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य अभ्यासों, युद्धाभ्यासों और सैन्य गतिविधियों की अग्रिम सूचना संबंधी समझौते के अनुच्छेद 10 का सीधे तौर पर उल्लंघन था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: UP में राम मंदिर सहित संवेदनशीन जगहों की सुरक्षा होगी हाईटेक, स्नाइपरों की तैनाती का प्लान तैयार; हथियारों की खरीद को मंजूरी
इस्लामाबाद में भी दर्ज कराया विरोध
भारत ने इस्लामाबाद में अपने 'चार्ज डी अफेयर्स' को पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के समक्ष इसी प्रकार का विरोध दर्ज कराने का निर्देश दिया है। यह राजनयिक कदम भारतीय नौसेना द्वारा पाकिस्तानी पोत की तेज गति से आने और असुरक्षित पैंतरेबाजी किए जाने के बताए गए घटनाक्रम के बाद उठाया गया है।
