भारत-EU के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर वार्ता पूरी हुई, 'मदर ऑफ ऑल डील्स' पर आज लगेगी ऐतिहासिक मुहर

वार्ता पूरी होने की औपचारिक घोषणा मंगलवार को यहां होने वाले भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन में की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 27 जनवरी को यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा के साथ शिखर वार्ता करेंगे।

India–EU FTA : भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) ने प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लिए आधिकारिक स्तर की बातचीत पूरी कर ली है। इस समझौते से दोतरफा व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और आर्थिक संबंध मजबूत होंगे। वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने सोमवार को कहा कि आधिकारिक स्तर की बातचीत समाप्त होने वाली है और दोनों पक्ष 27 जनवरी, मंगलवार को मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) वार्ता के सफल समापन की घोषणा करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय नजरिये से यह व्यापार समझौता संतुलित और भविष्योन्मुखी है, जो यूरोपीय संघ के साथ भारत के बेहतर आर्थिक एकीकरण में मदद करेगा।

EU India deal

भारत-यूरोपीय संघ के बीच होगा FTA।

FTA से व्यापार और निवेश को नई गति मिलेगी

अग्रवाल ने विश्वास जताया कि इससे दोनों अर्थव्यवस्थाओं में व्यापार और निवेश को नई गति मिलेगी। वाणिज्य सचिव ने कहा, 'वार्ता सफलतापूर्वक पूरी हो गई है और सौदे को अंतिम रूप दे दिया गया है।' उन्होंने बताया कि इस समय समझौते के मसौदे की कानूनी जांच चल रही है। सरकार की कोशिश इन प्रक्रियाओं को जल्द पूरा कर समझौते पर हस्ताक्षर करने की है। उम्मीद है कि इस समझौते पर इसी साल हस्ताक्षर किए जाएंगे और यह अगले साल की शुरुआत में प्रभावी हो सकता है। समझौते के कार्यान्वयन में समय लगेगा, क्योंकि इसके लिए यूरोपीय संसद की मंजूरी अनिवार्य है, जबकि भारत में केवल केंद्रीय मंत्रिमंडल की सहमति की आवश्यकता होती है। इस समझौते को 18 साल की लंबी बातचीत के बाद अंतिम रूप दिया गया है। वार्ता वर्ष 2007 में शुरू हुई थी।

End of Feed