Iran Supreme Leader State Funeral: ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए भारत सरकार ने अपना प्रतिनिधिमंडल भेजा है। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि अली खामेनेई के राजकीय अंतिम संस्कार और दफन समारोह को लेकर भारत सरकार ने पहले ही आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी की है।
विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल (फाइल फोटो)
विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि भारत की ओर से बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा आज तेहरान में मौजूद हैं। दोनों नेता सुप्रीम लीडर के अंतिम संस्कार में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि इसके अलावा उन्होंने भी और मीडिया ने भी देखा होगा कि कई अन्य लोग भी इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए ईरान पहुंचे हैं।
महबूबा मुफ्ती भी हुईं शामिल
जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती भी अली खामेनेई के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल हुईं, जबकि ग्रैंड ओल्ड पार्टी कांग्रेस की तरफ से पूर्व विदेश मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद शामिल हुए। महबूबा मुफ्ती और सलमान खुर्शीद दोनों ने ही ईरान के सुप्रीम लीडर को श्रद्धांजलि अर्पित की।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: अली खामेनेई का 9 जुलाई को अंतिम संस्कार, ईरान ने खरगे, नितिन नवीन सहित इन नेताओं को दिया न्योता
महबूबा मुफ्ती ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में बताया, ''ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की शहादत पर अपनी गहरी संवेदना और एकजुटता व्यक्त करती हूं। तेहरान में होना मेरे लिए सम्मान की बात है। वह एक सम्मानित लीडर थे, जिन्होंने लहर के खिलाफ खड़े होने का साहस दिखाया और पीड़ितों के लिए लड़ाई लड़ी।''
सनद रहे कि ईरान के सरकारी मीडिया द्वारा जारी वीडियो में तेहरान स्थित खामेनेई के परिसर में हुसैनिया के पास आयोजित शोकसभा को दिखाया गया। युद्ध की शुरुआत में अमेरिकी और इजरायली हवाई हमले में अली खामेनेई और उनके परिवार के कुछ सदस्यों की मौत हो गई थी। सरकारी मीडिया ने बताया कि खामेनेई का पार्थिव शरीर एक मंच पर रखे ताबूत में था और उसके सामने लाल ट्यूलिप के फूल सजाए गए थे। ताबूत के सामने छत से कागज की बनी तितलियां भी लटकी हुई दिखाई दीं।
