India Pakistan Talks: कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय बातचीत को लेकर भारत के रुख को दोहराते हुए कहा कि पाकिस्तान जब तक अपनी जमीन पर संचालित आतंकवादी ढांचे को खत्म नहीं करता, तब तक दोनों देशों के बीच पहले जैसी बातचीत बहाल नहीं हो सकती है। उन्होंने कहा कि आतंकवादी शिविरों, ट्रेनिंग सेंटरों और उनके मुख्यालयों का इस्तेमाल भारत के खिलाफ हिंसा फैलाने के लिए होता है और ऐसे माहौल में बातचीत की उम्मीद नहीं की जा सकती है।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर (फाइल फोटो साभार: PTI)
पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक के भारत दौरे के बीच रविवार को शशि थरूर ने कहा कि बहुपक्षीय मंचों की अपनी भूमिका होती है, लेकिन द्विपक्षीय संबंधों में सामान्य बातचीत बहाल करने के लिए पाकिस्तान को आतंकवाद के खिलाफ ठोस कार्रवाई करनी होगी।
समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, थरूर ने कहा, "भारत और पाकिस्तान के बीच पहले भी तनावपूर्ण संबंध रहे हैं, लेकिन बहुपक्षीय मंचों की अपनी अहमियत होती है। जहां तक द्विपक्षीय संबंधों की बात है, हमने स्पष्ट कर दिया है कि पहले जैसी बातचीत तभी बहाल हो सकती है, जब पाकिस्तान अपने देश में आतंकवाद के बुनियादी ढांचे को खत्म करे। आतंकवादी शिविर, मुख्यालय और ट्रेनिंग सेंटर लगातार हमारे लोगों के खिलाफ हिंसा फैलाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे हैं। ऐसे में बातचीत की उम्मीद नहीं की जा सकती है। कोई भी अपने सिर पर बंदूक रखकर बातचीत नहीं करना चाहता और हम भी ऐसा नहीं करेंगे।"
शशि थरूर का यह बयान पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक के भारत दौरे के दौरान आया है। मलिक 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में आयोजित तीन दिवसीय शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सभ्यतागत संवाद मंच में हिस्सा लेने भारत पहुंचे हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: भारत के खिलाफ जहर उगलने वाले पाकिस्तानी मंत्री के बदले सुर
ऑपरेशन सिंदूर में चीन की मदद पर बोले थरूर
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को चीन की सैन्य सहायता से संबंधित अमेरिकी पैनल की रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए शशि थरूर ने कहा कि इस संबंध में पहले से ही सार्वजनिक चर्चा हो रही थी। उन्होंने कहा कि अमेरिकी रिपोर्ट ने उन जानकारियों की पुष्टि की है, जिनका उल्लेख ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी किया गया था।
उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता कि इन बातों की पुष्टि के लिए हमें अमेरिकी रिपोर्ट की जरूरत थी। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पिछले साल ही इन घटनाक्रमों पर चर्चा हो रही थी। उस समय दो बातें सामने आई थीं। पहली, पाकिस्तान के कुछ कमांड और कंट्रोल सेंटरों में चीनी इंजीनियर और अधिकारी मौजूद थे। दूसरी, तत्कालीन उप सेना प्रमुख की ओर से भी यह बात सामने आई थी कि चीन पाकिस्तान को रियल टाइम सैटेलाइट इंटेलिजेंस उपलब्ध करा रहा था। अमेरिकी रिपोर्ट ने अपने नजरिए से इन दोनों बातों की पुष्टि की है।"
थरूर ने कहा कि यह रिपोर्ट सरकार मीडिया के कुछ वर्गों के लिए नई हो सकती है, लेकिन इसमें कोई नई जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि चीन और पाकिस्तान के बीच सैन्य सहयोग के इस तरह के घटनाक्रम के दक्षिण एशिया की रणनीतिक स्थिति पर गंभीर प्रभाव पड़ते हैं।
