India becomes World's most populous nation: हिंदुस्तान (India) आबादी के मामले में पहले पायदान पर पहुंच गया है। ऐसा इसलिए, क्योंकि भारत की आबादी बढ़कर 142.86 करोड़ हो गई है और इसी के साथ उसने चीन को भी पछाड़ दिया है। यह जानकारी बुधवार (19 अप्रैल, 2023) को संयुक्त राष्ट्र (UN) के ताजा आंकड़ों में दी गई। यूएन के विश्व जनसंख्या ‘डैशबोर्ड’ (मंच) के मुताबिक, चीन की आबादी फिलहाल 142.57 करोड़ है, जबकि अपने इंडिया की 142.86 करोड़ है।
संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (यूएनएफपीए) की ताजा रिपोर्ट बताती है कि इंडिया की 25% जनसंख्या 0-14 (वर्ष) आयु वर्ग की, 18 प्रतिशत 10 से 19 आयु वर्ग, 26 प्रतिशत 10 से 24 आयु वर्ग, 68 प्रतिशत 15 से 64 आयु वर्ग की और सात प्रतिशत आबादी 65 साल से अधिक उम्र की है। कई एजेंसियों के अनुमानों के हिसाब से भारत की आबादी करीब तीन दशकों तक बढ़ते रहने की उम्मीद है। यह 165 करोड़ पर पहुंचने के बाद ही घटना शुरू होगी।
एक्सपर्ट्स की मानें तो हिंदुस्तान की जनसांख्यिकी एक राज्य से दूसरे राज्य में बहुत अलग है। केरल और पंजाब में जहां बुजुर्ग आबादी अधिक है। वहीं, बिहार और उत्तर प्रदेश में युवा आबादी अधिक है।
यूएनएफपीए की भारत की प्रतिनिधि और भूटान की ‘कंट्री डायरेक्ट’ एंड्रिया वोज्नार ने इस बारे में समाचार एजेंसी पीटीआई-भाषा को जानकारी दी, ‘‘भारत के 1.4 अरब लोगों को 1.4 अरब अवसरों के रूप में देखा जाना चाहिए। देश की सबसे अधिक 25.4 करोड़ आबादी युवा (15 से 24 वर्ष के आयुवर्ग) है... यह नवाचार, नई सोच और स्थायी समाधान का स्रोत हो सकती है।’’
यूएनएफपीए (UNFPA) की द स्टेट ऑफ वर्ल्ड पॉपुलेशन रिपोर्ट 2023 (The State of World Population Report, 2023) के मुताबिक, भारत की आबादी बढ़कर 1,428.6 मिलियन पर पहुंच गई है, जबकि चीन की जनसंख्या 1,425.7 मिलियन है। दोनों मुल्कों की आबादी में 2.9 मिलियन का अंतर है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
