Op Sindoor new Video: सेना ने बुधवार शाम को सोशल मीडिया पर 'ऑपरेशन सिंदूर' का एक नया वीडियो जारी किया। पाकिस्तान में आतंकी ढांचों को किस तरह से निशाना बनाया गया और भारतीय सेना की कार्रवाई में वे कैसे तबाह हुए, इस वीडियो में साफ एवं स्पष्ट रूप से दिखाया गया है। X पर 'ऑपरेशन सिंदूर' से जुड़े इस वीडियो को सेना के नॉर्दन कमांड ने पोस्ट किया है। सेना ने कहा कि उसका यह ऑपरेशन 'संयंम का निर्णायक जवाब में बदलने का सटीक उदाहरण है।'
ऑपरेशन सिंदूर पर सेना ने जारी किया नया वीडियो। तस्वीर-Indian Army
X पर अपने पोस्ट में नॉर्दन कमांड ने कहा है कि 'पहलगाम जनसंहार के दोषियों का खात्मा एवं आतंकी ढांचों को तबाह करने वाली भारतीय सेना के सटीक हमले इलाके में शांति को बढ़ावा देने की हमारे अटूट भाव को दर्शाता है।'
भारत तीसरे पक्ष की मध्यस्थता स्वीकार नहीं करता-सेना
वीडियो में यह भी बताया गया है कि भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्षविराम कैसे हुआ। यह एक ऐसा सवाल है जिसने वैश्विक ध्यान खींचा है, क्योंकि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बार-बार दावा किया है कि उनकी वजह से दोनों देशों के बीच सीजफायर हुआ। जबकि ट्रंप के इस दावे के भारत सरकार खारिज करती आई है। बताया जाता है कि इसस ट्रंप कथित रूप से नाराज हैं। वीडियो में सेना का संदेश है कि भारत किसी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता को स्वीकार नहीं करता।
पहलगाम में 22 अप्रैल को हुआ आतंकी हमला
बीते 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम के पास स्थित बैसरन घाटी में पाकिस्तान से आए आतंकवादियों ने छुट्टियां मना रहे लोगों पर बर्बर हमला किया। इस हमले में कुल 26 लोगों की जान गई। आतंकियों ने लोगों से उनका धर्म पूछकर उनकी हत्या की। मारे गए लोगों अधिकांश हिंदू पर्यटक थे। इसके बाद इस हमले के जवाब में भारतीय सेना ने छह-सात मई की रात 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया। भारतीय सेना ने अपने हमलों से पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ढांचों को नष्ट कर दिया।
