Om Birla in Lok Sabha: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को सदन में हंगामा कर रहे विपक्षी सदस्यों से चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर उन्हें नारेबाजी करनी है तो वे सदन से बाहर चले जाएं क्योंकि सदन के भीतर ऐसा करना उचित नहीं है। संसद के मानसून सत्र के पहले दिन लोकसभा में विपक्षी दलों के सदस्यों ने पहलगाम आतंकी हमले और बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की कवायद समेत अन्य विषयों पर चर्चा की मांग करते हुए हंगामा किया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही बाधित हुई।
ओम बिरला ने हंगामा कर रहे सांसदों को दी नसीहत (ANI)
ओम बिरला की नारेबाजी कर रहे सांसदों को नसीहत
ओम बिरला ने आसन के निकट नारेबाजी कर रहे सदस्यों से कहा कि वे सदन चलने दें ताकि यह मिथक टूटे कि सत्र के पहले दिन कार्यवाही नहीं चलेगी। उन्होंने कहा, हमारा प्रयास होना चाहिए कि देश की जनता की भावनाओं के अनुरूप सदन में अपनी बात रखें और महत्वपूर्ण घटनाओं पर व्यापक चर्चा हो...प्रश्नकाल के बाद सब विषयों पर चर्चा का अवसर मिलेगा।
बिरला ने कहा, आप ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा करना चाहते हैं, चलिए प्रश्नकाल के बाद चर्चा करते हैं। आप बैठिए। सरकार हर चीज का जवाब देगी। उन्होंने विपक्षी सदस्यों से कहा कि नारेबाजी करने के लिए सदन से बाहर जाइए। सदन में नारेबाजी करना उचित नहीं है। नियमों के तहत सवाल उठाइए, सरकार जवाब देगी।
राजनाथ बोले, हम पूरी तरह से चर्चा के लिए तैयार
वहीं, हंगामे के बीच राजनाथ सिंह ने कहा, आप जितनी देर की चर्चा चाहते हैं, आप बताइएगा हम पूरी तरह से चर्चा के लिए तैयार हैं, जितनी देर की चर्चा चाहते हैं उतनी देर चर्चा के लिए तैयार हैं।
बता दें कि संसद का मानसून सत्र आज से शुरू हुआ है। आज दोनों सदन पहलगाम आतंकवादी हमले और एयर इंडिया AI-171 विमान दुर्घटना के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ शुरू हुआ। दोनों सदनों में श्रद्धांजलि दी गई। हालांकि इसके बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया। लोकसभा में विपक्षी सांसदों ने भारी हंगामा मचाया। पीएम मोदी और अमित शाह के ठीक सामने हंगामा होता रहा। इसके चलते सदन को दो बार स्थगित करना पड़ा।
