F-35 और Su-57 पर बोले एयर चीफ मार्शल एपी सिंह, जानें भारतीय वायुसेना का क्या है रुख

जोधपुर में 'तरंग शक्ति-2026' के दौरान वायुसेना प्रमुख एपी सिंह ने F-35 के अमेरिकी ऑफर को नकारा है और कहा है कि F-35 बेचने का कोई भी औपचारिक या आधिकारिक प्रस्ताव नहीं दिया गया है। उन्होंने रूस के Su-57 पर भी कहा कि सरकार के फैसले के बाद मूल्यांकन होगा।

भारतीय वायुसेना (IAF) के प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए. पी. सिंह ने शनिवार को स्पष्ट किया कि संयुक्त राज्य अमेरिका की ओर से भारत को पांचवीं पीढ़ी के स्टील्थ फाइटर जेट F-35 बेचने का कोई भी औपचारिक या आधिकारिक प्रस्ताव नहीं दिया गया है। इसके साथ ही उन्होंने रूस के पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान Su-57 को लेकर भी स्थिति साफ करते हुए कहा कि इस पर अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। वायुसेना प्रमुख जोधपुर में आयोजित बहुराष्ट्रीय हवाई युद्धाभ्यास 'तरंग शक्ति-2026' (Tarang Shakti-2026) के समापन समारोह के अवसर पर एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

AP singh PTI

'तरंग शक्ति-2026' के दौरान वायुसेना प्रमुख (फाइल फोटो)

अमेरिकी कमांडर की मौजूदगी में चुटीले अंदाज में दिया जवाब

संवाददाता सम्मेलन के दौरान यूएस एयर फोर्स की पैसिफिक एयर फोर्सेज (PACAF) के कमांडर भी मंच पर वायुसेना प्रमुख के साथ मौजूद थे। जब पत्रकारों ने अमेरिका द्वारा F-35 लड़ाकू विमानों की पेशकश की खबरों के बारे में सवाल पूछा, तो एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने हल्के-फुल्के और चुटीले अंदाज में अमेरिकी कमांडर की ओर देखते हुए कहा "आपके लोग तो हमें विमान के पास भी नहीं फटकने देते, और आप इसे हमें बेचने की बात कर रहे हैं।" वायुसेना प्रमुख के इस चुटीले बयान ने हॉल में मौजूद सभी सैन्य अधिकारियों और पत्रकारों को मुस्कुराने पर मजबूर कर दिया, वहीं यह भी साफ कर दिया कि F-35 को लेकर अभी तक कोई ठोस आधिकारिक चर्चा नहीं हुई है।

End of Feed