Lok Sabha Elections 2029: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को सत्ता हासिल करने का फॉर्मूला सुझाया। उन्होंने राहुल गांधी को सलाह देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को बदनाम करके आपको सत्ता नहीं मिलेगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (फाइल फोटो)
पुणे में NHEC मल्टी-स्टेट कोऑपरेटिव के भूमि पूजन समारोह के मंच से अमित शाह ने राहुल गांधी से एक खास अपील करते हुए कहा, ''इस तरह से अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को बदनाम करके आपको सत्ता नहीं मिलेगी। सत्ता चाहिए तो विदेश की यात्राएं बंद करके भारत के गांव में जाना शुरू करिए। शायद आपका नंबर कभी लग जाए।''
शाह ने राहुल को दिया यह सुझाव
अमित शाह ने आगे कहा, ''पूरी दुनिया नरेंद्र मोदी की प्रशंसा कर रही है और आप उनको बदनाम करने का काम कर रहे हो, लेकिन आप (राहुल गांधी) तो नहीं सुनोगे, परंतु मैं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहना चाहता हूं कि इसी दिशा में इनके पीछे चले तो 30 सालों तक आपका नंबर नहीं लगेगा।''
दरअसल, केंद्रीय गृह मंत्री ने स्पष्ट किया कि अगर राहुल गांधी इसी तरह अपनी गतिविधियां जारी रखते हैं, तो कांग्रेस अगले 30 साल तक सत्ता में नहीं आ पाएगी।
'थोड़े दिनों में विदेश चले जाएंगे राहुल'
अमित शाह ने कहा कि पूरा देश चाहता है कि आप जमीन पर आइये और गांव में जाइये, लेकिन मुझे मालूम है कि आप थोड़े दिनों में फिर विदेश चले जाएंगे। आपकी सत्ता की आकांक्षा इस तरह से पूरी नहीं होगी। राहुल गांधी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत को, भारतीय विकासगाथा को, भारतीय लोकतंत्र और भारतीय प्रधानमंत्री को बदनाम करने की जो कोशिश की है, उसकी मैं निंदा करता हूं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: संसद का शीतकालीन सत्र कब हो सकता है शुरू?
देशभर में शुरू होगी भारत टैक्सी सेवा
इस दौरान, अमित शाह ने देशभर में भारत टैक्सी सेवा शुरू करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि भारत टैक्सी का विस्तार नागपुर, नासिक, कोल्हापुर और सोलापुर जैसे शहरों में भी किया जाएगा। इस सेवा के तहत ड्राइवरों को किसी तरह का कमीशन नहीं देना होगा और उनकी पूरी कमाई सीधे उनके बैंक खातों में जमा होगी।
