Himanta Biswa Sarma Exclusive Interview: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गुरुवार को टाइम्स नाउ नवभारत के साथ खास बातचीत में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके साथ कौन खड़ा है? उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हार की सेंचुरी लगा चुके हैं।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा
टाइम्स नाउ नवभारत के मैनेजिंग एडिटर अमीष देवगन के साथ 'धुरंधर इंटरव्यू' में हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, ''राहुल गांधी के साथ कौन खड़े हैं? आप जिन नेताओं की बात कर रहे हैं, वह चुनाव हारने वाले नेता हैं। जीतने वाले कौन खड़े हैं उनके साथ।''
मुख्यमंत्री हिमंत ने कहा कि देश के तमाम हारे हुए नेताओं को अगर मैं खाने पर बुलाऊं तो वो आएंगे ही। आप देखिए, राहुल गांधी 100 बार जनता के बीच में जा चुके हैं और हारने की सेंचुरी लगा चुके हैं...।'' कांग्रेस की मौजूदा स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जब कांग्रेस में नहीं होते थे तो पार्टी इस स्थिति में नहीं थी।
हिमंत ने राहुल गांधी पर कसा तंज
मुख्यमंत्री हिमंत ने राहुल गांधी पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि वह जहां भी जाते हैं, कांग्रेस का ग्राफ नीचे आ जाता है। उन्होंने कहा, ''कांग्रेस की अगर कोई यूनिट सरकार बनाने की पोजिशन बना लेती है तो वह लोग बोलते हैं कि राहुल गांधी न आएं, क्योंकि वह आकर क्या करके चले जाएंगे कि ग्राफ अपने आप नीचे आ जाएगा।''
'आप लोग राहुल गांधी को कम आंक रहे हैं, वो 2024 के लोकसभा चुनाव में 99 सीटें तो लेकर आए थे?' इस सवाल पर उन्होंने कहा, ''अखिलेश अपनी जगह पर हैं और राहुल अपनी... मैं इतना ही कहना चाहता हूं कि जब गणित में आपके बेटे को 30 मिले हैं और आप उसको मिठाई खिलाते हैं तो उस पर आपत्ति तो कोई नहीं है, लेकिन 542 में अगर कोई 99 जीतता है और आप उसको ट्रॉफी मानते हैं तो मैं क्या जवाब दूं।'' उन्होंने आगे कहा कि हमारी मां तो ऐसा कहती थी कि अगर 100 में 100 नहीं मिले तो मार पड़ेगी।
वोट चोरी के आरोपों पर क्या बोले CM हिमंत
मुख्यमंत्री हिमंत ने वोट चोरी से जुड़े मुद्दे पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार कब मुख्य चुनाव आयुक्त बने? आपकी (कांग्रेस) हार का सिलसिला तो 2014 से जारी है, तब तो ज्ञानेश कुमार नहीं थे। आपको किस पर इल्जाम लगाना चाह रहे, ज्ञानेश कुमार तो डेढ़ साल से हैं। उनके पहले भी तो आप हार रहे थे...। ऐसे लोगों का मेंट्रल ट्रीटमेंट होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि रायबरेली और वाराणसी के बीच 250 किमी का अंतर है। उन्होंने तर्क दिया कि एक ही चुनाव प्राधिकरण के तहत वाराणसी में प्रधानमंत्री मोदी की जीत को षड्यंत्र बताया जाता है, जबकि उसी चुनाव प्रक्रिया में रायबरेली की जीत और 99 सीटों के परिणाम का जश्न मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस 99 सीटों के प्रदर्शन का जश्न मना रही है, तो उसे चुनाव आयोग को धन्यवाद देना चाहिए।
'देश को सर्वनाथ के रास्ते पर ले जा रहे राहुल'
हैदराबाद में आयोजित 'भारत समिट 2026' के दौरान यूरोपीय सोशलिस्ट पार्टी के महासचिव (इतालवी नेता) जियाकोमो फिलीबेक ने मंच से "वोट चोर गद्दी छोड़" के नारे लगाए, जिस पर राहुल गांधी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया। इस पर हिमंत बिस्वा सरमा ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का जिक्र करते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, ''राहुल गांधी देश को सर्वनाथ के रास्ते पर ले जा रहे हैं।''
उन्होंने कहा कि 1977 में चुनाव हारने के बाद इंदिरा गांधी जैसे नेताओं ने भी कभी विदेशी ताकतों को देश की राजनीति में बोलने के लिए आमंत्रित नहीं किया और न ही ऐसे बयानों पर ताली बजाई।
