Vande Bharat Trains: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को लोकसभा में कहा कि वंदे भारत ट्रेन में लगाए गए हाई-रिजोल्यूशन कैमरों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) तकनीक की मदद से अधिकारियों को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में ट्रेन पर पत्थर फेंकने वाले लोगों को पकड़ने में मदद मिली।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव (फोटो साभार: @AshwiniVaishnaw)
वैष्णव ने प्रश्नकाल में पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए कहा कि वंदे भारत ट्रेनों में अनेक सुरक्षा विशेषताएं हैं, जिनमें एक डिब्बे के दूसरे पर चढ़ने से रोकने का भी सुरक्षा उपाय शामिल है।
उन्होंने कहा कि वंदे भारत ट्रेनों में ''हाई रिजोल्यूशन कैमरे लगे हुए हैं। हाल में मुजफ्फरनगर की एक घटना में, वंदे भारत ट्रेन पर पत्थर फेंकने वाले की कैमरे में रिकॉर्ड हुई एक बहुत छोटी सी तस्वीर और एआई तकनीक की मदद से उसे पकड़ने में हम कामयाब रहे। इससे हमें उस घर तक पहुंचने में मदद मिली, जहां व्यक्ति (आरोपी) रह रहा था।''
'गाने पर पहले ही लगाई जा चुकी है रोक'
वहीं, समाजवादी पार्टी के सांसद आनंद भदौरिया ने हाल में खबरों में आए एक विवादास्पद गीत का मुद्दा बुधवार को लोकसभा में उठाया, जिस पर सरकार ने कहा कि इस पर पहले ही रोक लगाई जा चुकी है तथा डिजिटल माध्यमों पर इस तरह की सामग्री से महिलाओं और बच्चों के संरक्षण के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।
सपा सांसद भदौरिया ने नोरा फतेही और संजय दत्त पर फिल्माये गए एक विवादास्पद गीत का उल्लेख प्रश्नकाल में किया। उन्होंने पूरक प्रश्न में पूछा कि ''अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर विभिन्न माध्यमों से समाज में परोसी जा रही अश्लीलता को तत्काल रोकने के लिए क्या सरकार कोई कदम उठाएगी।''
सूचना और प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने उत्तर में बताया कि सदस्य ने जिस गाने के बारे में बात की है, उस पर पहले ही प्रतिबंध लगाया जा चुका है। उन्होंने कहा, ''अभिव्यक्ति की आजादी में संविधान निर्माताओं ने जो तर्कसंगत पाबंदियां लगाई हैं, हमें उनके हिसाब से ही चलना चाहिए। समाज और संस्कृति के संदर्भ में अभिव्यक्ति की आजादी का ध्यान रखना चाहिए।''
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
