Rahul Gandhi Jhajjar visit: केरल के वायनाड से कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी बुधवार (27 दिसंबर, 2023) सुबह हरियाणा के झज्जर पहुंचे। ठंड के मौसम में कोहरे और शीतलहर के बीच वह वहां वीरेंद्र आर्य अखाड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने बजरंग पूनिया समेत कई पहलवानों के चर्चा की। गांधी ने इस दौरान न सिर्फ स्पोर्ट्स और उससे जुड़े रूटीन को लेकर बात की बल्कि वहां पर व्यायाम भी किया। राहुल ने बजरंग पूनिया के साथ कुश्ती के दांवपेंच भी आजमाए।
झज्जर जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता के अनुसार, गांधी तड़के छारा गांव में ‘वीरेंद्र अखाड़ा’ पहुंचे और बाद में उन्होंने पुनिया सहित अन्य पहलवानों से बातचीत की। छारा वही गांव है, जहां से रेसलर दीपक पूनिया और बजरंग पूनिया ने वीरेंद्र आर्य अखाड़े से अपनी रेसलिंग की शुरुआत की थी।
गांधी की पहलवानों से मुलाकात भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) को लेकर जारी विवाद की पृष्ठभूमि में हुई। दरअसल, दो बार की विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता विनेश फोगाट ने मंगलवार को अपना खेल रत्न और अर्जुन पुरस्कार प्रधानमंत्री को लौटाने का फैसला किया और कहा कि जब पहलवान न्याय के लिए संघर्ष कर रहे हैं तो ऐसे सम्मान निरर्थक हो गए हैं।
फोगाट का यह फैसला ओलंपिक पदक विजेता पुनिया और खिलाड़ी वीरेंद्र सिंह यादव द्वारा अपने पद्म श्री पुरस्कार लौटाने और रियो खेलों की कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक द्वारा 21 दिसंबर को डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष के रूप में संजय सिंह के चुने जाने के बाद खेल से संन्यास लेने की घोषणा के कुछ दिनों बाद आया है।
संजय सिंह, बृजभूषण सिंह शरण के करीबी सहयोगी बताए जाते हैं और पहलवान नहीं चाहते थे कि भाजपा सांसद का कोई करीबी डब्ल्यूएफआई में पदाधिकारी बने। फोगाट, पुनिया और मलिक ने बृजभूषण पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। खिलाड़ियों ने बृजभूषण के खिलाफ इस साल की शुरुआत में जंतर-मंतर पर कई दिनों तक विरोध प्रदर्शन किया था।
