2020 के दिल्ली दंगों की साजिश के मामले में आरोपी गुलफिशा फातिमा को बुधवार को तिहाड़ जेल से रिहा कर दिया गया। यह रिहाई सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद हुई। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद दिल्ली की एक अदालत ने गुलफिशा की जमानत के आदेश जारी किए थे। अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में चार आरोपियों को दो लाख रुपये के जमानत बांड और दो स्थानीय जमानतदारों पर रिहा करने का आदेश दिया था। एक अन्य आरोपी, जिसे सोमवार को सर्वोच्च न्यायालय से जमानत मिली थी, जमानत बांड दाखिल करने के लिए अदालत में उपस्थित नहीं हुआ। अदालत ने कहा कि दिल्ली पुलिस द्वारा जमानतदारों और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद सभी प्रक्रियात्मक औपचारिकताएं पूरी होने पर रिहाई का आदेश पारित किया गया।
तिहाड़ जेल
उमर खालिद-शरजील इमाम को नहीं मिली थी जमानत
सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने मामले में उमर खालिद और शरजील इमाम को राहत देने से इनकार करते हुए कहा था कि उनके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत प्रथम दृष्टया मामला बनता है। हालांकि, संलिप्तता के क्रम और भूमिका के आधार पर पांच आरोपियों को जमानत दी गई।
गुलफिशा फातिमा के मामले में शीर्ष कोर्ट ने कही थी ये बात
गुलफिशा फातिमा के मामले में शीर्ष अदालत ने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के खिलाफ आंदोलन के दौरान उन्होंने कई विरोध स्थलों पर स्वतंत्र कमान, संसाधन नियंत्रण या रणनीतिक निरीक्षण का प्रयोग नहीं किया। अदालत ने कहा कि अभियोजन का यह आरोप कि उन्होंने स्थानीय महिलाओं को संगठित किया और एक विरोध स्थल की व्यवस्था का समन्वय किया, मामले के लिए प्रासंगिक है, लेकिन यह यह नहीं दर्शाता कि उन्होंने व्यापक स्तर पर संचालन या रणनीतिक नियंत्रण किया।पीठ ने निचली अदालत को जमानत प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश देते हुए 11 शर्तें भी लगाईं और स्पष्ट किया कि शर्तों का उल्लंघन होने पर जमानत रद्द की जा सकती है।
2020 में सीएए और एनआरसी के विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुए थे दंगे
गौरतलब है कि फरवरी 2020 में सीएए और एनआरसी के विरोध प्रदर्शनों के दौरान उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हिंसा भड़क उठी थी, जिसमें 53 लोगों की मौत हुई और 700 से अधिक घायल हुए थे। इस मामले में नामजद 20 आरोपियों में से दो अभी भी फरार हैं, जबकि शेष में से कई ने जमानत के लिए आवेदन किया है। फिलहाल सात आरोपी-सलीम मलिक, शरजील इमाम, उमर खालिद, ताहिर हुसैन, अतहर खान, तसलीम अहमद और खालिद सैफी, अब भी जेल में हैं।
