Online Betting Racket Gujarat: गुजरात पुलिस की स्टेट मॉनिटरिंग सेल (SMC) ने राज्य में सक्रिय एक बहुत बड़े अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी और साइबर धोखाधड़ी (Cyber Fraud) नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि यह सिंडिकेट फर्जी और आम लोगों के म्यूल बैंक खातों (Mule Bank Accounts) के जरिए ₹324.58 करोड़ से अधिक के संदिग्ध वित्तीय लेन-देन को अंजाम दे चुका है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस ने अब तक 10 मुख्य आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
दुबई से ऑपरेट हो रहा था ₹324 करोड़ का ऑनलाइन सट्टा; इन 10 आरोपियों को किया गिरफ्तार, हजारों 'म्यूल खाते' उजागर
अहमदाबाद से हुई थी मामले की शुरुआत
इस पूरे रैकेट का भंडाफोड़ मई 2026 में हुआ, जब SMC ने एक गुप्त सूचना के आधार पर अहमदाबाद के निकोल इलाके में छापेमारी कर विजय करडानी नाम के व्यक्ति को दबोचा था। पुलिस ने उसके पास से टैबलेट, तीन मोबाइल फोन, टीवी सेट, सेटअप बॉक्स और एक कार समेत करीब ₹15.73 लाख का सामान जब्त किया था। जब पुलिस ने विजय के मोबाइल और व्हाट्सएप डेटा को खंगाला, तो आईपीएल (IPL) सीजन के दौरान चल रहे देशव्यापी सट्टेबाजी नेटवर्क के तार जुड़ते चले गए।
2,000 से अधिक संदिग्ध बैंक खातों का जाल
जांच में पुलिस को हजारों ऐसे बैंक खातों की जानकारी मिली, जिनका इस्तेमाल अवैध पैसे को घुमाने के लिए किया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपी विजय करडानी के मोबाइल से 281 बैंक खातों का विवरण मिला, जिनमें से 50 खाते राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCCRP) द्वारा पहले ही फ्रीज किए जा चुके थे।
एक अन्य आरोपी अनिल गोकलदास के डिवाइस से 1,907 बैंक खातों की कुंडली सामने आई, जिसमें से 304 खाते ब्लॉक थे।
पूरी तफ्तीश में पुलिस को ऐसे 354 बैंक खाते मिले हैं, जिनके खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों में साइबर क्राइम की शिकायतें दर्ज थीं। आरोपी पिछले दो सालों से भोले-भाले लोगों को लालच देकर उनके नाम पर खाते खुलवाते थे और उनका इस्तेमाल सट्टेबाजी का पैसा ट्रांसफर करने में करते थे।
दुबई कनेक्शन और 'युआन' का 40% कमीशन मॉडल
इस काले कारोबार के तार सीधे दुबई से जुड़े हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी आकाश नायक को दुबई में बैठे एक बड़े हैंडलर 'युआन' ने इस सट्टेबाजी नेटवर्क के वित्तीय संचालन का फ्रेंचाइजी अधिकार दे रखा था। इसके बदले आकाश को मुनाफे का 40 प्रतिशत कमीशन मिलता था। इसके बाद आकाश नायक ने भारत के भीतर नेटवर्क फैलाने के लिए अन्य सब-एजेंट्स को 20 से 25 प्रतिशत कमीशन पर सब-फ्रेंचाइजी बांट रखी थी।
पुलिसिया कार्रवाई और गिरफ्तार आरोपियों की सूची
SMC ने इस अंतरराष्ट्रीय रैकेट के मुख्य वांछित आरोपी राजवीरसिंह समेत कुल 47 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर (FIR) दर्ज की है। इन सभी पर गुजरात जुआ अधिनियम की धारा 4 और 5, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) और आईटी एक्ट की धारा 66(D) के तहत गंभीर मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
अब तक गिरफ्तार किए गए 10 आरोपियों के नाम:
आकाश नायक (मुख्य फ्रेंचाइजी होल्डर)
अनिल कोटक
प्रतीक मराडिया
विजय करडानी
अश्विन मेंडापारा
जय उर्फ शंभु कनेरिया
हिरेन कथारिया
नवनीत खांभला
जय उर्फ राजा अघेरा
मीत कलारिया
स्टेट मॉनिटरिंग सेल (SMC) के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस की एक विशेष टीम फिलहाल इस पूरे नेटवर्क के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय 'मनी ट्रेल' की बारीकी से जांच कर रही है। हवाला नेटवर्क और बैंक खातों की फॉरेंसिक जांच जारी है, जिससे आने वाले दिनों में इस मामले में कई और बड़ी गिरफ्तारियां होने की पूरी संभावना है।
