जिस बात के लिए अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) कांग्रेस (Congress) को कोसते रहते थे, वही काम अब उन्हीं की पार्टी के विधायक करने जा रहे हैं। गुजरात (Gujarat) में चुनाव खत्म हुए अभी तीन दिन ही हुए हैं, सरकार का गठन भी नहीं हुआ है, लेकिन खबर है कि केजरीवाल के विधायक पार्टी छोड़ सकते हैं।
बीजेपी के संपर्क में विधायक
खबर है कि गुजरात में आप के पांचों विधायक बीजेपी (BJP) के संपर्क में हैं। मिली जानकारी के अनुसार पांचों विधायक एक प्रेस कांफ्रेंस करके आप को छोड़ने और बीजेपी में जाने का ऐलान कर सकते हैं। आम आदमी पार्टी के पांच विजयी उम्मीदवारों में से एक भूपत भयाणी के बारे में दावा था कि वो शामिल हो सकते हैं। हालांकि अब उन्होंने कहा कि वो जो करेंगे जनता से पूछकर करेंगे।
क्या कहा भयाणी ने
बीजेपी में शामिल होने की खबर के बाद भयाणी मीडिया के सामने आए और कहा- "अभी मैं भाजपा में शामिल नहीं होने जा रहा हूं। मैं अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों से बात करूंगा और फिर फैसला लूंगा। मेरी भाजपा में शामिल होने की कोई योजना नहीं है, लेकिन अगर इससे मेरे क्षेत्र के किसानों और लोगों को लाभ होता है, तो मैं शामिल हो सकता हूं, लेकिन वह भी लोगों से परामर्श करने के बाद।"
कौन हैं भूपत भयाणी
भूपत भयाणी ने हाल ही में हुए गुजरात विधानसभा चुनाव में जूनागढ़ जिले के विसदर निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा और कांग्रेस, दोनों उम्मीदवारों को हराया था। भयाणी गुजरात के आप के मजबूत नेताओं में गिने जाते हैं और केजरीवाल के करीबी भी माने जाते हैं।
केजरीवाल का दावा
गुजरात चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद, आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की थी कि आम आदमी पार्टी ने गुजरात विधानसभा चुनाव में लगभग 13 प्रतिशत वोट शेयर हासिल किया है। पांच विधानसभा सीटों को हासिल करने के बाद आप, राष्ट्रीय पार्टी भी बन गई है।
