Amit Shah on GST: देशभर में आज से नया GST 2.0 लागू हो गया है। पीएम मोदी ने इसे देशवासियों के लिए बचत उत्सव बताया है। वहीं, अमित शाह ने कहा कि पीएम मोदी ने देश की माताओं-बहनों से किया वादा निभाया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का नवरात्रि के शुभ अवसर पर देश की सभी माताओं-बहनों को #NextGenGST रिफॉर्म का उपहार है। मोदी जी ने देशवासियों से GST रिफॉर्म का जो वादा किया था, वह आज से पूरे देश में लागू हो गया है। इस GST में 390 से अधिक वस्तुओं पर टैक्स में ऐतिहासिक कमी की गई है।
शाह ने कहा, खाद्य एवं घरेलू सामान, होम बिल्डिंग व मैटेरियल्स, ऑटोमोबाइल, कृषि, सेवाएं, खिलौने, स्पोर्ट्स व हैंडीक्राफ्ट्स, शिक्षा, चिकित्सा व स्वास्थ्य, बीमा जैसे क्षेत्रों में GST में अभूतपूर्व राहत से देशवासियों के जीवन में खुशियां आएंगी और उनकी बचत भी बढ़ेगी।
अनेक डेयरी प्रोडक्ट्स पर GST शून्य करना हो, या साबुन, टूथब्रश, टूथपेस्ट, हेयर ऑयल, शैम्पू जैसी रोजमर्रा की वस्तुओं पर अभूतपूर्व कमी, #NextGenGST रिफॉर्म हर वर्ग के घर में खुशियों की सौगात लेकर आया है।
जीवन बीमा, स्वास्थ्य बीमा, सीनियर सिटिजन पॉलिसी, 33 लाइफ-सेविंग ड्रग्स और डायग्नोस्टिक किट्स पर जीरो GST से लेकर ऑक्सीजन, सर्जिकल इंस्ट्रूमेंट्स, मेडिकल, डेंटल व वेटनरी डिवाइसेज पर न्यूनतम GST तक, GST रिफॉर्म देशवासियों की सेविंग्स में ऐतिहासिक वृद्धि करेगा।
कृषि उपकरणों और फर्टिलाइजर सेक्टर में GST कमी से किसान उत्साहित हैं और अब वाहन खरीददारी के लिए भी देशवासियों को ज़्यादा सोचना नहीं पड़ेगा। इस GST रिफॉर्म से आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलेगा। आप भी दैनिक उपयोग की वस्तुओं में स्वदेशी को अपनाएं।
आज से देश में जीएसटी 2.0 लागू
आज से देश में जीएसटी 2.0 (GST) आधिकारिक रूप से लागू हो गया है। इसके साथ ही पूरे भारत में खरीदारों को रोजमर्रा की वस्तुओं और सेवाओं के लिए भुगतान की जाने वाली राशि में बदलाव देखने को मिलेंगे। कई चीजें सस्ती हो रही हैं जिससे लोगों को भारी फायदा होगा। जीएसटी 2.0 से पहले रविवार को पीएम मोदी ने राष्ट्र को संबोधित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, कल से अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधार लागू होंगे। जीएसटी बचत उत्सव शुरू होगा, जिससे घरों, दुकानदारों, किसानों और व्यवसायों की बचत बढ़ेगी और साथ ही भारत की विकास यात्रा को गति मिलेगी। नए कर ढांचे को आवश्यक वस्तुओं और आम बाजार के उत्पादों को ज़्यादा किफायती बनाने के लिए डिजाइन किया गया है, जबकि विलासिता वाले उत्पादों पर बोझ बढ़ा दिया गया है। इसका मतलब है कि किराने के बिल, डेयरी और उपकरणों पर कुछ राहत मिलेगी, लेकिन प्रीमियम शराब, सिगरेट या बड़ी मोटरसाइकिल जैसी विलासिता की चीजो की कीमतें बढ़ जाएंगी। वहीं, ट्रेनों में बिकने वाला रेल नीर बोतलबंद पानी भी सस्ता होगा।
