NEET Paper Leak Protest: सोमवार और मंगलवार को नीट पेपर लीक पर छात्रों और कांग्रेस के बड़े प्रदर्शन के बाद अब सरकार इस मुद्दे पर हल निकालने के लिए तेजी से काम करती दिख रही है। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने मेदांता अस्पताल में सोनम वांगचुक से मुलाकात कर उन्हें सरकार का पक्ष विस्तार से बताया। यह बैठक एक घंटे से अधिक समय तक चली। मुलाकात के दौरान जे.पी. नड्डा ने सबसे पहले सोनम वांगचुक का हालचाल जाना और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इसके बाद दोनों नेताओं ने उन्हें बताया कि सरकार इस मुद्दे पर संसद में चर्चा कराने के लिए तैयार है और इस संबंध में सकारात्मक निर्णय लिया गया है।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह (फाइल फोटो- PTI)
ये भी पढ़ें- TIMES NOW के रिपोर्टर पर हुए हमले के खिलाफ फूटा मीडिया का आक्रोश, पत्रकार बोले-बर्दाश्त नहीं ऐसी हिंसा
सोनम वांगचुक को सरकार का आश्वासन
सूत्रों का कहना है कि सरकार ने सोनम वांगचुक को यह भी भरोसा दिलाया कि देश की शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधारों को लेकर गंभीरता से काम किया जा रहा है और सरकार इस दिशा में उचित कदम उठा रही है। सरकार की ओर से उनसे यह भी आग्रह किया गया कि वे छात्रों से अपील करें कि वे सरकार पर भरोसा रखें और आंदोलन को आगे न बढ़ाएं।
पहले की थी अमित शाह से मुलाकात
सूत्रों के मुताबिक, मेदांता अस्पताल पहुंचने से पहले केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच यह बैठक चार घंटे से अधिक समय तक चली, जिसमें पूरे घटनाक्रम और सरकार की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
राहुल ने मांगे दो इस्तीफे
इस बीच, सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी के विरोध प्रदर्शन के दौरान भी सरकार की ओर से बातचीत की कोशिश की गई। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी ने संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू से बात की। उन्हें बताया गया कि सरकार, डॉ. जितेंद्र सिंह द्वारा दिए गए आश्वासन के अनुरूप संसद में इस मुद्दे पर चर्चा कराने के लिए तैयार है। हालांकि, सूत्रों का दावा है कि इसके बाद राहुल गांधी ने अपना रुख बदलते हुए पहले शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग रखी। बाद में उन्होंने अपनी मांगों में गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग भी जोड़ दी।
सरकार का मानना है कि संसद में चर्चा के लिए सहमति दिए जाने के बाद संवाद के जरिए समाधान का रास्ता निकाला जा सकता है, जबकि विपक्ष अब अपनी मांगों को नए सिरे से आगे बढ़ा रहा है। ऐसे में इस पूरे घटनाक्रम पर राजनीतिक टकराव और तेज होने के आसार हैं।
