देश

उस छात्रा की कहानी जो संसद मार्च में हिस्सा लेने आई थी और आज ICU में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही

20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई थी, जिसका इलाज इस समय आरएमएल अस्पताल में चल रहा है। जानिए कौन है वो छात्रा

Image

संसद मार्च में शामिल छात्रा गंभीर रूप से घायल (AI Photo)

सोमवार को जब कॉकरोच जनता पार्टी ने संसद मार्च शुरू किया, तो उस मार्च में हिस्सा लेने के लिए एक छात्रा भी पहुंची। छात्रा अन्य छात्रों के साथ मिलकर नारे लगाते हुए संसद की ओर बढ़ी, लेकिन तभी कुछ ऐसा घटा, जिससे आज वो जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है। दिल्ली के डॉ. राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में इस समय भर्ती है, आईसीयू में है। अब सवाल ये है कि आखिर ये लड़की है कौन, कहां से आई है? जिसके घायल होने से हंगामा मचा हुआ, एक पूर्व सीएम, एक केंद्रीय मंत्री और नेता प्रतिपक्ष तक इस लड़की को देखने अस्पताल पहुंच चुके हैं।

कौन है RML में भर्ती वो छात्रा?

20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान करीब 90 छात्र-छात्राएं घायल हुए थे। उसी में से ये एक छात्रा भी है। ICU में भर्ती घायल छात्रा की पहचान साक्षी के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 20 साल है। साक्षी दिल्ली के शिव विहार की रहने वाली है और कंप्यूटर कोर्स कर रही है। छात्रा की स्थिति अभी स्थिर बताई जा रही है।

कैसे घायल हुई छात्रा?

छात्रा के घायल होने के बारे में दो दावे किए जा रहे हैं। पहला कि छात्रा प्रदर्शन के दौरान जब भगदड़ मची, तब गिर गई, इसी दौरान उसके सिर में चोट लग गई। दूसरा दावा है कि पुलिस के बल प्रयोग के दौरान साक्षी को चोट लगी है।

कौन-कौन मिलने पहुंचा?

घायल साक्षी से मिलने अबतक दिल्ली के पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी पहुंच चुके हैं। सबसे पहले केजरीवाल पहुंचे। मुलाकात के बाद केजरीवाल ने दावा किया कि वो बच्ची के रिश्तेदारों से मिले, जिन्होंने बताया कि छात्रा की स्थिति गंभीर है। इसके बाद नड्डा पहुंचे और फिर राहुल-प्रियंका।

कितने घायल?

दिल्ली पुलिस के अनुसार, विरोध प्रदर्शन के दौरान लगभग 60 प्रदर्शनकारी घायल हो गए। इसके अलावा कई वरिष्ठ अधिकारियों सहित 118 से अधिक पुलिसकर्मी भी घायल हुए। दिल्ली पुलिस के जवान का इलाज अस्पताल में जारी है, जबकि आरएमएल अस्पताल से सिर्फ साक्षी को छोड़कर बाकी को डिस्चार्ज कर दिया गया है। आज सुबह तक 79 छात्रों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। एक छात्र ने डॉक्टरों की सलाह के खिलाफ अस्पताल छोड़ दिया। 9 छात्र बिना अधिकारियों को सूचना दिए अस्पताल से चले गए।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article