Subsidy on LPG cylinder : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान अलवर में बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि महंगाई का मामला गंभीर है। हम अगले साल 1 अप्रैल के बाद बीपीएल परिवारों को 500 रुपए प्रति सिलेंडर की दर से साल में 12 गैस सिलेंडर देंगे। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि कोई भी सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। राजस्थान में BPL और उज्ज्वला योजना के अंतर्गत आने वाले लोगों को यह लाभ मिलेगा।
राजस्थान में गरीबों को मिलेगा मात्र 500 रुपए में घरेलू गैस सिलेंडर
गहलोत ने अलवर के मालाखेड़ा की रैली के मंच से यह ऐलान किया है। उन्होंने यह ऐलान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी सहित अन्य नेताओं की मौजूदगी में लिया। अलवर जिले के मालाखेड़ा में सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने घोषणा की कि हम एक कैटेगरी बना रहे हैं। इस कैटेगरी के लोगों को 1050 रुपये का घरेलू रसोई गैस सिलेंडर 500 रुपये में देंगे। सिलेंडर अप्रैल से राज्य में मिलेगा।
राजस्थान में BPL और उज्ज्वला योजना के अंतर्गत आने वाले लोगों को 1 अप्रैल से '500 रुपए' में मिलेगा रसोई गैस सिलेंडर।… t.co/oO7MqUbAfb
— ANI (@ANI) Dec 19, 2022
अगले महीने हम बजट पेश करेंगे, उसमें रसोई से महंगाई का बोझ कम करने के लिए किट बांटने की योजना लाएंगे। उन्होंने कहा कि पहले इनकम टैक्स, ईडी से लोग डरते थे, अब ये खुद डरे हुए हैं। देश में लोकतंत्र की जड़ें कमजोर हो गई हैं। राहुल गांधी एक मकसद लेकर चले हैं। आजादी के बाद यह पहली भारत जोड़ो यात्रा है। पूरा देश महंगाई, बेरोजगारी से त्रस्त है। ERCP को हम किसी भी हालत में बंद नहीं करेंगे। इसे राष्ट्रीय योजना का दर्ज दिलाने के लिए हमारी लड़ाई जारी रहेगी। सीएम गहलोत ने कहा, राजस्थान का आगामी बजट युवाओं को समर्पित होगा।
