LIVEG20 Summit 2023 Updates: 'विश्वोत्सव' के लिए सुर्खियों में रहा इंडिया, चीनी PM के लिए कठिन रहे दो दिन

G20 Summit 2023 Updates: 'विश्वोत्सव' के लिए सुर्खियों में रहा इंडिया, चीनी PM के लिए कठिन रहे दो दिन
G20 Summit 2023 Delhi News in Hindi: जी20 शिखर सम्मेलन में चीनी राष्ट्रपति चिनफिंग की जगह मुश्किल मिशन पर नयी दिल्ली आये चीनी प्रधानमंत्री ली कियांग के लिए संयुक्त घोषणा का समर्थन करने के लिहाज से दो दिन कठिन रहे। इस घोषणापत्र को मेजबान भारत की सबसे बड़ी सफलता करार दिया गया, जिसने यूक्रेन को लेकर चीन और रूस के मतभेदों को सफलतापूर्वक साध लिया।
ली की कुछ पश्चिमी नेताओं के साथ हुई बैठक भी मुश्किल भरी रही विशेष रूप से इतालवी प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी के साथ। मेलोनी ने रोम में अपेक्षित परिणाम लाने में विफलता के लिए चीन के बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव (बीआरआई) को छोड़ने के इटली के संकल्प की ओर इशारा किया। इसके अलावा, भारत तब सुर्खियों में आया जब नयी दिल्ली शिखर सम्मेलन में अफ्रीकी संघ को जी20 के स्थायी सदस्य के रूप में शामिल किया गया। इसके लिए शिखर सम्मेलन से पहले ही भारत ने सफल राजनयिक अभियान चलाया। पिछले कुछ वर्षों में चीन ने राष्ट्रपति शी की महत्वाकांक्षी बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव (बीआरआई) पहल के तहत बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे के निवेश के साथ अफ्रीका में बड़ी पैठ बनाई है, लेकिन ऋण स्थिरता को लेकर इसकी आलोचना हुई है खासकर छोटे देशों की ओर से। ली ने रविवार को ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के साथ एक बैठक की, जिन्होंने उन्हें जासूसी के आरोप में एक संसदीय शोधकर्ता की गिरफ्तारी के बाद ब्रिटेन के लोकतंत्र में चीन के हस्तक्षेप के बारे में लंदन की चिंता से अवगत कराया। हांगकांग स्थित साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट ने विश्लेषकों के हवाले से कहा कि भारत और अमेरिका ने शी की बेवजह अनुपस्थिति का भरपूर फायदा उठाया, जो सीपीसी संस्थापक माओत्से तुंग के बाद चीन के सबसे शक्तिशाली नेता हैं।
जी20 में महिला सशक्तीकरण पर कार्यदल के गठन पर बनी सहमति
जी20 महिला मंत्रिस्तरीय समिति के समर्थन में महिला सशक्तीकरण पर एक कार्यबल का गठन करने पर जी20 के नेता सहमत हुए हैं जो इस समूह की ब्राजील की अध्यक्षता के दौरान अपनी पहली पहली बैठक करेगा। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने यहां एक बयान में कहा कि महिला-पुरूष समानता, महिला सशक्तीकरण और महिला नीत विकास के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि के तहत जी20 नयी दिल्ली नेता घोषणापत्र में अध्यक्ष के बयान को शामिल किया गया है। यह बयान गांधीनगर में महिला सशक्तीकरण पर जी20 मंत्रिस्तरीय सम्मेलन में स्वीकार किया गया था। मंत्रालय ने कहा, ‘‘जी20 के नेता जी20 महिला मंत्रिस्तीय समिति के समर्थन में महिलाओं के सशक्तीकरण पर कार्यदल के गठन पर सहमत हुये जो ब्राजील की जी20 अध्यक्षता के दौरान अपनी पहली बैठक करेगा।
राष्ट्रपति बाइडन ने प्रधानमंत्री मोदी को उनके नेतृत्व और आतिथ्य के लिए धन्यवाद दिया
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने रविवार को कहा कि उन्होंने भारत-अमेरिका साझेदारी को मजबूत करने के तरीकों पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ “पर्याप्त चर्चा” की और उनके नेतृत्व और नयी दिल्ली में जी20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। बाइडन ने यहां वियतनाम की राजधानी में संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के साथ मानवाधिकारों के सम्मान के महत्व को भी उठाया। अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में भारत की अपनी पहली यात्रा पर नयी दिल्ली आए बाइडन ने मोदी के साथ व्यापक बातचीत की। उन्होंने 31 ड्रोन की भारत की खरीद और जेट इंजनों के संयुक्त विकास में आगे बढ़ने का स्वागत करते हुए द्विपक्षीय प्रमुख रक्षा साझेदारी को “गहरा और विविधतापूर्ण” करने का संकल्प व्यक्त किया।
जी20 घोषणापत्र प्रधानमंत्री मोदी के लिए अप्रत्याशित सफलता : अंतरराष्ट्रीय मीडिया
अंतरराष्ट्रीय मीडिया ने रविवार को कहा कि जी20 शिखर सम्मेलन में रूस-यूक्रेन युद्ध पर प्रमुख मतभेदों को दूर करते हुए सदस्य देशों के शनिवार को ‘नयी दिल्ली लीडर्स समिट डिक्लेरेशन’ को अपनाया जाना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए एक अप्रत्याशित सफलता है। हालांकि, इसमें यूक्रेन पर रूस के हमले का जिक्र करने से परहेज किया गया। मीडिया के अनुसार, ऐसा लगता है कि अंतिम समझौता वक्तव्य में अमेरिका और उसके पश्चिमी सहयोगियों द्वारा रूस को लेकर अपनाये गये रुख की तुलना में कहीं अधिक नरम रुख अपनाया गया है। भारत ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका और इंडोनेशिया जैसी उभरती अर्थव्यवस्थाओं के साथ वार्ताओं के जरिये यूक्रेन के विवादास्पद मुद्दे पर जी20 देशों के बीच एक अप्रत्याशित आम सहमति बनाने में कामयाब रहा। नयी दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय जी20 शिखर सम्मेलन में वैश्विक नेताओं के बीच घोषणापत्र को लेकर सहमति बनी। घोषणापत्र में जलवायु परिवर्तन और आर्थिक विकास पर साझा विचार रखे गये, लेकिन इसमें यूक्रेन पर रूस के हमले की निंदा करने से बचा गया।
कनाडाई पीएम जस्टिन ट्रूडो के विमान में आई तकनीकी खराबी, फिलहाल भारत में ही रहेंगे
"भारत के साथ मजबूत साझेदारी यूरोप के लिए सर्वोपरि है": यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के भारत मंडपम में लोगों का अभिवादन किया
शिखर सम्मेलन में सुरक्षा में चूक
जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान उस समय सुरक्षा चूक की बात सामने आई जब अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के काफिले का एक वाहन अनजाने में होटल ताज के परिसर में प्रवेश कर गया, जहां यूएई के क्राउन प्रिंस ठहरे हुए थे।
भारत-यूरोप कॉरिडोर का ऐलान होते ही चीन को बड़ा झटका
जी-20 समिट (G-20 Summit) में भारत से यूरोप तक के स्पेशल इकोनॉमिक कोरिडोर को मंजूरी दी गई। इसे भारत-मिडिल-ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर (India-Middle East-Europe Economic Corridor) कहा जा रहा है। ये इकोनॉमिक कॉरिडोर भारत से यूएई-सऊदी अरब होता हुआ यूरोप तक जाएगा। इस कॉरिडोर का ऐलान होते ही चीन को झटका लगा है। दरअसल इटली ने चीन के बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव (बीआरआई) से बाहर निकलने का ऐलान कर दिया है, जिसे वन बेल्ट-वन रोड भी कहा जाता है।
SRK ने दी पीएम मोदी को बधाई
अभिनेता शाहरुख खान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जी20 के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने ट्वीट किया, "भारत की जी20 अध्यक्षता की सफलता और दुनिया के लोगों के बेहतर भविष्य के लिए देशों के बीच एकता को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई..."।
यूक्रेन पर बातचीत के विरोध में नहीं रूस- रूसी विदेश मंत्री
जी-20 समिट के दौरान रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने रविवार को कहा कि उनका देश यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने के लिए बातचीत के खिलाफ नहीं है, लेकिन इसमें "जमीनी वास्तविकताओं" और "नाटो की आक्रामक नीति" के कारण उत्पन्न होने वाले कारणों को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए। लावरोव ने कहा कि लगभग 18 महीने पहले वे संघर्ष को सुलझाने के बारे में एक संधि पर हस्ताक्षर करने के लिए सहमत हुए थे और दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी किए गए थे और पश्चिम पर बाधाएं पैदा करने का आरोप लगाया था।
पीएम मोदी ने जर्मन चांसलर से की मुलाकात
पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर बताया कि दिल्ली में जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज़ के साथ बहुत अच्छी मुलाकात। जी-20 शिखर सम्मेलन को अपने विचारों से समृद्ध करने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। साथ ही इस बात पर भी चर्चा की कि कैसे भारत और जर्मनी स्वच्छ ऊर्जा, नवाचार में एक साथ मिलकर काम करना जारी रख सकते हैं और बेहतरी की दिशा में काम कर सकते हैं।
पीएम मोदी ने जी20 सम्मेलन के समापन की घोषणा की, ब्राजील को सौंपी अध्यक्षता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को नई दिल्ली जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन को समाप्त करने की घोषणा की और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा को अध्यक्षता सौंपी। ब्राज़ील अगले एक वर्ष जी20 की अध्यक्षता करेगा। पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि ब्राजील की अध्यक्षता में जी20 समूह साझा एजेंडे को और आगे बढ़ाएगा। उन्होंने इस अवसर पर ब्राजील के राष्ट्रपति को भी बधाई दी।
G20 Summit 2023 Delhi LIVE News in Hindi: प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त राष्ट्र में सुधारों पर नये सिरे से जोर दिया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को संयुक्त राष्ट्र सहित अन्य वैश्विक निकायों में सुधारों पर नये सिरे से जोर देते हुए कहा कि विश्व निकाय के सदस्य देशों में वृद्धि के बावजूद संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में स्थायी सदस्यों की संख्या नहीं बढ़ी है। जी20 शिखर सम्मेलन के ‘‘एक भविष्य’’ सत्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया की ‘नयी वास्तविकताओं’ को ‘नयी वैश्विक संरचना’ में प्रतिबिंबित किया जाना चाहिए।
G20 Summit 2023 Delhi LIVE News in Hindi: प्रधानमंत्री मोदी ने ब्राजील को जी20 समूह की अध्यक्षता सौंपी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डी सिल्वा को जी20 समूह की अध्यक्षता हस्तांतरित करते हुए पारंपरिक गैवल (एक प्रकार का हथौड़ा) सौंपा। इस मौके पर लूला डी सिल्वा ने उभरती हुई अर्थव्यवस्थाओं के हितों से जुड़े मुद्दों को आवाज देने के लिए भारत की सराहना की। जी20 शिखर सम्मेलन के समापन सत्र में मोदी ने ब्राजील को इस समूह की अध्यक्षता के लिए गैवल सौंपा और शुभकामनाएं दीं। ब्राजील आधिकारिक रूप से इस साल एक दिसंबर को जी20 समूह के अध्यक्ष का कार्यभार संभालेगा।
G20 Summit 2023 Delhi LIVE News in Hindi: स्टालिन भी हुए शामिल
भारत के राष्ट्रपति द्वारा नई दिल्ली में आयोजित जी20 रात्रिभोज में भाग लेने वाले तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन दक्षिण भारत के एकमात्र मुख्यमंत्री थे। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा कीं।
G20 Summit 2023 Delhi LIVE News in Hindi: केशव प्रसाद मौर्य ने दी बधाई
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जी 20 के सफल आयोजन के लिए मैं प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देता हूं। आज जो सम्मान भारत का हो रहा है वो सम्मान भारत की 140 करोड़ जनता का हो रहा है। जी 20 में अफ्रीकन यूनियन को शामिल करने का काम भारत में हुआ है। दिल्ली घोषणा पत्र पर हुई सर्वसम्मति भी एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
G20 Summit 2023 Delhi LIVE News in Hindi: 'भारत का संदेश जी20 शिखर सम्मेलन में गूंजा'
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की प्रथम उप प्रबंध निदेशक गीता गोपीनाथ ने कहा कि भारत के ‘एक पृथ्वी, एक कुटुंब, एक भविष्य’ संदेश की गूंज जी20 शिखर सम्मेलन में सभी प्रतिनिधियों के बीच जोरदार ढंग से सुनाई दी। गोपीनाथ ने शनिवार रात को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया, ‘‘इतने सफल जी20 शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता करने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई।’’
G20 Summit 2023 Delhi LIVE News in Hindi: जैव ईंधन गठबंधन से जी20 देशों के लिए 500 अरब डॉलर के अवसर पैदा होंगे
भारतीय बायोगैस एसोसिएशन (आईबीए) का मानना है कि जैव ईंधन गठबंधन अगले तीन साल में जी20 देशों के लिए 500 अरब अमेरिकी डॉलर के अवसर पैदा कर सकता है। आईबीए ने कहा कि जैव ईंधन गठबंधन जी20 देशों के साथ पर्यावरण की दृष्टि से भी लाभ का सौदा साबित होगा। आईबीए के एक अध्ययन के अनुसार, जैव ईंधन गठबंधन जी20 देशों के लिए अगले तीन साल में 500 अरब डॉलर के अवसर पैदा कर सकता है।अध्ययन के निष्कर्ष महत्वपूर्ण हैं क्योंकि भारत वर्तमान में नयी दिल्ली में जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।
G20 Summit 2023 Delhi LIVE News in Hindi: बाइडन वियतनाम के लिए रवाना हुए
G20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति जो बिडेन दिल्ली से वियतनाम के लिए रवाना हो गए।
G20 Summit 2023 Delhi LIVE News in Hindi: 200 से अधिक घंटे तक लगातार बातचीत की
भारत के जी20 शेरपा अमिताभ कांत ने रविवार को कहा कि यहां ‘लीडर्स समिट’ में अपनाए गए ‘जी20 डिक्लेरेशन’ (घोषणापत्र) पर आम सहमति बनाने के लिए भारतीय राजनयिकों के एक दल ने 200 घंटे से भी अधिक समय तक लगातार बातचीत की। संयुक्त सचिव ई गंभीर और के नागराज नायडू समेत राजनयिकों के एक दल ने 300 द्विपक्षीय बैठकें कीं और ‘जी20 लीडर्स समिट’ के पहले दिन ही सर्वसम्मति बनाने के लिए विवादास्पद यूक्रेन संघर्ष पर अपने समकक्षों को 15 मसौदे वितरित किए।