Himanta Biswa Sarma Exclusive Interview: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने टाइम्स नाउ नवभारत के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत में कांग्रेस नेतृत्व से लेकर घुसपैठ, जनसांख्यिकीय बदलाव, परिसीमन और अतिक्रमण जैसे राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर खुलकर बात की। इस दौरान, उन्होंने राहुल गांधी के बयानों पर भी तीखा प्रहार किया।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा
टाइम्स नाउ नवभारत के मैनेजिंग एडिटर अमिश देवगन के साथ 'धुरंधर इंटरव्यू' में मुख्यमंत्री हिमंत ने कहा कि मेरी गांधी परिवार के साथ कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। उन्होंने कहा, ''मेरी कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है, लेकिन चीजों को एक्सपोज़ करना और ब्लैक को ब्लैक तथा व्हाइट को वाइट बोलना मेरा धर्म है। राहुल गांधी की 99 फीसदी बातें आम जनता को हजम नहीं होती हैं।''
'हम तो जीते हुए हैं, हम तो हराए गए हैं...' इस सवाल पर उन्होंने राहुल गांधी को जमकर घेरा और कहा, ''केरल में एसआईआर के बावजूद कांग्रेस ने जीत दर्ज की, लेकिन असम में मैं जीता तो वो वोट चोरी है? आपकी बात में कोई लॉजिक तो होना चाहिए। पीएम मोदी ने वाराणसी में जीत दर्ज की और 200 किलोमीटर आगे रायबरेली में राहुल गांधी जीते, लेकिन वाराणसी वाला चुनाव छूट है और रायबरेली वाला सही। यह कैसी बहस है।''
राहुल गांधी द्वारा सोनिया गांधी को लेकर दिए गए बयान पर भी हिमंत बिस्वा सरमा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पूरा परिवार एक टेबल पर साथ बैठकर खाना खाए या पिकनिक पर जाए तो उसे प्यार और मोहब्बत कहते हैं, लेकिन यह कहना कि 'मम्मी पापा की गोद में बैठकर खाना खाती थीं' कोई मोहब्बत नहीं, बल्कि एक बेतुकी (Absurd) बात है।
उन्होंने राहुल गांधी द्वारा अपने माता-पिता (राजीव गांधी और सोनिया गांधी) की तुलना भगवान शिव-पार्वती या विष्णु-लक्ष्मी से करने पर सख्त आपत्ति जताई और इसे सनातन परंपरा व हिंदू दर्शन का अपमान बताया।
'सुबह-सुबह कांग्रेस ने किया था मैसेज'
'राहुल गांधी किताब विमोचन से निकले और विदेश गए और वहां कोई भी बयान देते हैं, भाजपा उसको मुद्दा बना देती है?' इस सवाल पर हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि सुबह-सुबह एक कांग्रेस नेता ने मुझे व्हाट्सएप (WhatsApp) पर मैसेज और कुछ क्लिप्स भेजे। उस मैसेज में कांग्रेस नेता ने लिखा था- दादा आपने बहुत अच्छा किया, हम लोग फंस गए इसके साथ।
जब हिमंत बिस्वा सरमा से नेता का नाम पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मैं नेता का नाम नहीं बताऊंगा, लेकिन आपको मैसेज दिखा सकता हूं। उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी की बातें इतनी उलझन भरी होती हैं (जैसे लेफ्ट, राइट, सेंटर बोलना) कि खुद कांग्रेस के नेता भी परेशान हैं और समझ नहीं पाते कि वे क्या बोलना चाहते हैं।
बांग्लादेश का प्रधानमंत्री बनने की सलाह देने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा, ''आप जब बार-बार नेपाल और बांग्लादेश की बात करते हैं तो आपको बांग्लादेश ही जाना चाहिए।''
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'राहुल गांधी जहां जाते हैं, कांग्रेस का ग्राफ आ जाता है नीचे', हिमंत ने कसा तंज
'राहुल के साथ कौन खड़ा है'
हिमंत बिस्वा सरमा ने INDIA ब्लॉक से जुड़े सवाल पर कहा, ''राहुल गांधी के साथ कौन खड़े हैं? आप जिन नेताओं की बात कर रहे हैं, वह चुनाव हारने वाले नेता हैं। जीतने वाले कौन खड़े हैं उनके साथ।'' उन्होंने कहा कि देश के तमाम हारे हुए नेताओं को अगर मैं खाने पर बुलाऊं तो वो आएंगे ही। आप देखिए, राहुल गांधी 100 बार जनता के बीच में जा चुके हैं और हारने की सेंचुरी लगा चुके हैं...।''
कांग्रेस की मौजूदा स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जब कांग्रेस में नहीं होते थे तो पार्टी इस स्थिति में नहीं थी। मुख्यमंत्री हिमंत ने कहा, ''कांग्रेस की अगर कोई यूनिट सरकार बनाने की पोजिशन बना लेती है तो वह लोग बोलते हैं कि राहुल गांधी न आएं, क्योंकि वह आकर क्या करके चले जाएंगे कि ग्राफ अपने आप नीचे आ जाएगा।''
हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को ऐसा ख्याल आता है कि जब हम पॉवर में आएंगे तो प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री से निपट लेंगे, लेकिन आपको जनता कभी ऐसा मौका नहीं देगा। आपके सामने तो कोई विजन नहीं है। आपका विजन है कि दिल्ली को काठमांडू और ढाका बनाना है। ऐसे में आपको कौन वोट देगा?
'राहुल गांधी इस समय बड़े कॉन्फिडेंट नजर आ रहे, वो बोलते हैं कि मैं मोदी को सीधी चुनौती दे रहा हूं?' इस पर उन्होंने कहा, ''आप बहस करिए, संसद सत्र आ रहा है... चौराहे पर क्यों करना है, क्या देश में लोकतंत्र नहीं है? अगर चौराहे पर ही बहस होती थी तो नेहरू ने चौराहे में क्यों भाषण नहीं दिया? संसद में क्यों दिया...।
उन्होंने कहा कि आप स्पीकर को कहिएगा कि मेरे माइक में ज्यादा पॉवर लगा दीजिएगा और टीवी मुझे ही फोकस करें। उस कंडीशन में मैं पीएम मोदी से बहस करूंगा। आपको कौन मना करेगा? मैं जितना जानता हूं कि किरेन रिजिजू कई बार उनके घर और ऑफिस में जाकर कह चुके हैं कि आपको जो भी शर्त है... लेकिन संसद को चलने दीजिए। अगर संसद सत्र नहीं होता तो आप दूसरी जगह देख लेते।
'बहस करने के लिए दिमाग भी होना चाहिए'
हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि बहस करने के लिए दिमाग भी होना चाहिए। उनका अमेरिका वाला पूरा इंटरव्यू देखिए और खुद तय करिए। वो बहस करने लायक ही नहीं हैं... कांग्रेस में वो सभी सांसद हैं, जो हमारे सामने आकर कहते हैं कि राहुल हम लोग को बोलने का मौका नहीं देते हैं। बहस अच्छी हो सकती है। कांग्रेस के भीतर अच्छे वक्ता हैं। उन्होंने कहा कि हर बार लॉन्च- रिलॉन्च होता रहता है। हर बार साइन आता रहेगा। थोड़े दिनों की बात है फिर वो विदेश चले जाएंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'केरल में 20 लाख दोहरे वोट हटाए गए', CM सतीशन बोले- माकपा या भाजपा किसी ने नहीं की शिकायत
इस दौरान, हिमंत बिस्वा सरमा ने पीयू रिसर्च रिपोर्ट को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि असम, बंगाल, यूपी, बिहार और झारखंड जैसे राज्यों में बड़े पैमाने पर जनसांख्यिकी (डेमोग्राफी) में बदलाव देखा जा रहा है। भारत सरकार ने भी जनसांख्यिकी में आ रहे बदलावों को ध्यान में रखते हुए कार्यबल का गठन किया है।
'सपा- ओवैसी आरोप लगा रहे हैं कि मुस्लिमों के वोट एसआईआर के जरिए काटे जा रहे हैं'। इस सवाल पर उन्होंने कहा, ''जिन मुसलमानों का नाम काटा गया है। वो फिर से अप्लाई कर दें कि मेरा नाम काटा गया है... सीमा पर रोजाना लगभग 50 बांग्लादेशी घुसपैठिए पकड़े जाते हैं।'' हालांकि, उन्होंने वोटर लिस्ट से बहुत कम नाम बाहर निकलने पर चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर असंतोष जताया।
खरगे के ईद वाले बयान पर क्या बोले हिमंत
हिमंत बिस्वा सरमा ने मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा दिवाली को 'ईद' कहे जाने पर 'स्लिप ऑफ टंग' माना। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता ऐसी गलतियों को स्वीकार करने के बजाय जब कुतर्क देते हैं, तो पार्टी का अधिक नुकसान होता है। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग नेता हैं। गलती से निकल जाता है।
पीएम मोदी के नारे 'एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे' का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि यह देश में जातिवाद खत्म करने और एकजुट रहने का संदेश है।
