Jagadish Shettar : कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार की 'घर वापसी' हो गई है। वह गुरुवार को दोबारा भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेता बीएस येदियुरप्पा और कर्नाटक प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की मौजूगी में शेट्टार को पार्टी की सदस्यता दोबारा मिली। पिछले साल अप्रैल में कर्नाटक विधानसभा चुनाव से ठीक पहले वह भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और राजीव चंद्रशेखर भी उपस्थित थे।
भाजपा में दोबारा शामिल हुए जगदीश शेट्टार।
मजबूत लिंगायत नेता हैं शेट्टार
लोकसभा चुनावों से पहले शेट्टार की वापसी भाजपा को मजबूती देगी। कर्नाटक में शेट्टार की पहचान एक मजबूत लिंगायत नेता की है। पार्टी में शामिल होते समय उन्होंने कहा कि आज मैं भाजपा में दोबारा शामिल हो रहा हूं। पार्टी ने बीते समय में मुझे कई जिम्मेदारियां दी हैं। उन्होंने कहा, 'मैंने पार्टी छोड़ दी थी लेकिन मेरे समर्थकों ने मुझसे भाजपा में दोबारा शामिल होने की अपील की। मुझे पीएम मोदी के नेतृ्त्व में पूरा भरोसा है क्योंकि उनकी अगुवाई में दुनिया भर में देश का मान-सम्मान बढ़ा है।'
करीब एक साल तक रहे सीएम
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विजयेंद्र ने कहा कि वरिष्ठ नेता शेट्टार की भाजपा में वापसी होना बहुत अच्छी बात है। पूरे मन से हम इनका स्वागत करते हैं। शेट्टार ने 1980 के दशक में जनता पार्टी के साथ अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की। बाद में 1994 में वह भाजपा में शामिल हो गए। छह बार के भाजपा विधायक 2012 और 2013 के बीच कर्नाटक के सीएम रहे।
शाह से मिले
भाजपा में शामिल होने से पहले शेट्टार ने केंद्रीय गृह मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद ही उनके भाजपा में दोबारा शामिल होने की अटकलें लगने लगीं।
