जब भारत नहीं है इनका ठिकाना...तो ओडिशा कैसे पहुंचे 5 ओरंगुटान? आखिर कहां से आए ये वनमानुष

ओडिशा के बालासोर में पांच ओरंगुटान लावारिस हालत में मिले, जिन्हें रेस्क्यू कर नंदनकानन जूलॉजिकल पार्क भेजा गया है। इन्हें क्वारंटीन में रखकर स्वास्थ्य निगरानी की जा रही है। सवाल है जब ये भारत में नहीं हैं तो फिर ओडिशा कैसे पहुंचे?

ओडिशा के बालासोर जिले से एक बेहद हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां जंगल के एक इलाके में पांच ओरंगउटान लावारिस हालत में मिले हैं। इन सभी को सुरक्षित रेस्क्यू कर भुवनेश्वर के नंदनकानन जूलॉजिकल पार्क में शिफ्ट किया गया है, जहां इन्हें क्वारंटीन में रखकर स्वास्थ्य जांच की जा रही है। स्थानीय प्रशान का कहना है कि इनका नेटिव न तो ओडिशा है और न ही भारत। तो फिर ये कहां से आए हैं, इसकी जांच की जाएगी।

बालासोर जिले के उदयपुर-तालसारी इलाके में एक कैसुआरिना प्लांटेशन के पास पांच ओरंगउटान पाए गए। स्थानीय लोगों की सूचना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी जानवरों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके बाद पांचों ओरंगउटान को भुवनेश्वर स्थित नंदनकानन जूलॉजिकल पार्क लाया गया। यहां पहुंचने के बाद इनकी स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें साफ किया गया। फिलहाल सभी को सीसीटीवी निगरानी वाले क्वारंटीन सेंटर में रखा गया है। जू प्रशासन के मुताबिक, ओरंगउटान को नियमित रूप से भोजन दिया जा रहा है। इनमें से कुछ ओरंगउटान हाथ से केले भी खा रहे हैं। बताया जा रहा है कि पांचों में से दो ऑरंगुटान काफी छोटे हैं।

End of Feed