उमर अब्दुल्ला की कैबिनेट से नाराजगी के बीच फारूक का बड़ा बयान, बोले- कोई पार्टी को तोड़ नहीं सकता

नेशनल कॉन्फ्रेंस में मतभेद की खबरों पर फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि पार्टी एकजुट है। उन्होंने विधायकों की नाराजगी दूर करने और उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया।

जम्मू-कश्मीर की राजनीति में नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) के अंदर चल रही नाराजगी की खबरों के बीच पार्टी अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने पार्टी में किसी भी तरह के विभाजन की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि पार्टी के विधायकों ने जो समस्याएं और चिंताएं सामने रखी हैं, उनका समाधान किया जाएगा। न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार, शुक्रवार, 6 नवंबर को कई पार्टी विधायकों ने श्रीनगर में फारूक अब्दुल्ला और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात की। यह बैठक ऐसे समय हुई, जब हाल ही में हुए कैबिनेट विस्तार के बाद पार्टी के अंदर असंतोष की खबरें सामने आ रही थीं।

Farooq abdullah

मीडिया से बातचीत करते फारूक अबदुल्ला (Image Credit- ANI)

'नेशनल कॉन्फ्रेंस को कोई नहीं तोड़ सकता'

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि पार्टी में विभाजन की खबरें पूरी तरह गलत और बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस एकजुट है और जो लोग सोचते हैं कि वे इस संगठन को तोड़ सकते हैं, उन्हें समझना चाहिए कि यह पार्टी न पहले टूटी है और न कभी टूटेगी। फारूक ने बताया कि विधायकों ने अपनी समस्याएं उनके सामने रखी हैं। उनकी बातों को गंभीरता से सुना गया है और अब उन पर ध्यान दिया जाएगा। कुछ समस्याओं का समाधान जल्द किया जाएगा, जबकि कुछ मुद्दों पर धीरे-धीरे काम होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी और सरकार दोनों को मजबूत करने की कोशिश की जाएगी, ताकि आम लोगों की परेशानियों को दूर किया जा सके। फारूक अब्दुल्ला ने यह भी कहा कि जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा वापस दिलाने और अनुच्छेद 370 व 35A की बहाली के लिए उनकी लड़ाई जारी रहेगी।

End of Feed