Manoj Pande Video Fact Check: पाकिस्तान, इंडियन आर्मी व उनके अधिकारियों के खिलाफ गलत खबर फैला रहा है। पाकिस्तानी प्रोपेगैंडा अकाउंट्स एक ऐसी वीडियो शेयर की जा रही है, जिसके साथ छेड़छाड़ की गई है। उस वीडियो में भारतीय सेना के पूर्व सेनाध्यक्ष, जनरल मनोज पांडे (सेवानिवृत्त) को भारतीय सेना के बारे में झूठे बयान देते हुए गलत तरीके से दिखाया गया है।
पाकिस्तान का इंडियन आर्मी के खिलाफ डिजिटली प्रोपेगैंडा पकड़ा गया
भारत सरकार की फेक्ट चेक एजेंसी PIB ने पाकिस्तान के प्रोपेगैंडा की पोल खोल दी है। एक पोस्ट में PIB ने कहा, 'सावधान! यह एक #AI-जनरेटेड डीपफेक वीडियो है। पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे (सेवानिवृत्त) ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।'
जनता को गुमराह कर रहे पाकिस्तानी अकाउंट्स
PIB ने कहा कि पाकिस्तानी प्रोपेगैंडा अकाउंट्स जनता को गुमराह करने और भारतीय सशस्त्र बलों पर से विश्वास कम करने के लिए, एक सुनियोजित दुष्प्रचार अभियान के तहत ऐसे छेड़छाड़ किए गए वीडियो फैला रहे हैं। एजेंसी ने कहा कि जानकारी को शेयर करने से पहले, हमेशा आधिकारिक और विश्वसनीय स्रोतों से उसकी पुष्टि करें।
असली वीडियो में क्या?
पूर्व सेना प्रमुख, जनरल मनोज पांडे (सेवानिवृत्त) कहते हैं, 'हम एक जटिल दुनिया में रहते हैं। हमें न केवल मौजूदा सुरक्षा चुनौतियों से निपटने में सक्षम होना चाहिए, बल्कि भविष्य का भी अनुमान लगाना चाहिए। एक बार जब आप अनुमान लगा लेते हैं, तो आपको उसी के अनुसार खुद को तैयार करना होता है। आपके पास वे क्षमताएं होनी चाहिए जो आपको भविष्य के युद्धों को प्रभावी ढंग से लड़ने में सक्षम बनाएं। सशस्त्र बलों को भविष्य के लिए तैयार रहना होगा...'
फेक वीडियो में क्या था?
फेक वीडियो में बताया गया, 'बड़ी ब्रेकिंग, पूर्व सेना प्रमुख, जनरल मनोज पांडे (सेवानिवृत्त) कहते हैं- क्या आप जानते हैं कि इजरायल का समर्थन करने का सबसे बड़ा नुकसान क्या है? हमारी भारतीय सेना को हमेशा एक नैतिक शक्ति (ethical force) के रूप में प्रशिक्षित किया गया था, लेकिन मौजूदा हालात इसे एक जातीय शक्ति (ethnic force) में बदल रहे हैं। मेरी बात याद रखना, यह स्थिति पूरी तरह से विद्रोह की ओर बढ़ रही है। हम सभी ने देखा है कि असम में क्या हो रहा है।'
